नौ रातें-कई रंग: जानें भारत के अलग-अलग राज्यों में नवरात्रि कैसे मनाई जाती है

punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2026 - 01:36 PM (IST)

नारी डेस्क: हिंदू धर्म में नवरात्रि का अत्यंत विशेष महत्व है। यह पर्व मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा और अर्चना का प्रतीक माना जाता है। भारत त्योहारों का देश है, और नवरात्रि इसका सबसे बड़ा उदाहरण है कि एक ही पर्व को विभिन्न राज्यों में बिल्कुल अलग अंदाज और परंपराओं के साथ मनाया जाता है।

गुजरात गरबा और डांडिया की धूम

गुजरात में नवरात्रि का पर्व गरबा और डांडिया के लिए सबसे ज्यादा प्रसिद्ध है। रात होते ही पूरे राज्य की महिलाएं और पुरुष पारंपरिक चनिया-चोली और केडिया पहनकर सड़कों, मैदानों और पंडालों में जमा होते हैं। मिट्टी के घड़े (गरबो) के चारों ओर गोल घेरे में नृत्य किया जाता है, जो इस उत्सव की मुख्य आकर्षण होती है। यह दुनिया का सबसे बड़ा नौ-दिनों का डांस फेस्टिवल माना जाता है और हर रात यहाँ गरबा और डांडिया की मस्ती में पूरा समाज शामिल होता है, जिससे माहौल रंगीन और भक्तिमय बन जाता है।

PunjabKesari

पश्चिम बंगाल भव्य दुर्गा पूजा

पश्चिम बंगाल में नवरात्रि को ‘दुर्गा पूजा’ के रूप में बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। इस दौरान गली-गली और हर पंडाल में खूबसूरत और कलात्मक मूर्तियों तथा सजावटों का आनंद लिया जा सकता है। महासप्तमी से लेकर दशमी तक पूरा माहौल भक्तिमय और रंगीन रहता है। यहां की खास पहचान ढाक की धुन और धुनाची नाच है, जो दुर्गा पूजा की रौनक को और भी बढ़ा देते हैं।

यें भी पढ़ें : Navratri में जरूर करें माता के इन 9 मंदिरों के दर्शन, पूरी होगी हर मनोकामना

उत्तर भारत रामलीला और कन्या पूजन

उत्तर भारत के राज्यों जैसे उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब और बिहार में नवरात्रि का पर्व थोड़ा अलग अंदाज में मनाया जाता है। यहां कई लोग नौ दिनों तक व्रत रखते हैं और अपनी भक्ति प्रकट करते हैं। शाम को कॉलोनियों और मैदानों में रामलीला का आयोजन होता है, जिसमें भगवान राम के जीवन और उनके अद्भुत कार्यों की कहानी दिखाई जाती है। अष्टमी या नवमी के दिन कन्या पूजन का आयोजन किया जाता है, जहां छोटी बच्चियों को देवी का रूप मानकर हलवा, पूरी और चने खिलाए जाते हैं, जिससे उनकी मनोकामनाओं की पूर्ति होने की मान्यता होती है।

PunjabKesari

तेलंगाना फूलों का त्योहार ‘बथुकम्मा’

तेलंगाना में नवरात्रि के दौरान ‘बथुकम्मा’ का त्योहार बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। यह मुख्य रूप से फूलों का पर्व है, जिसमें महिलाएं ताजे फूलों से सुंदर गुच्छे बनाती हैं और देवी गौरी (बथुकम्मा) की पूजा करती हैं। इस दौरान गांव और शहर दोनों जगह रंग-बिरंगी झलकियां और उत्सव का माहौल देखने को मिलता है, जो इस त्योहार की खासियत को और भी बढ़ा देता है।

यें भी पढ़ें : Uric Acid बढ़ने पर शरीर में दिखने वाले ये 7 लक्षण, इन्हें कम करने के असरदार उपाय

नवरात्रि की खासियत

चाहे इसे नाच-गाकर मनाया जाए, पंडाल सजाकर या मौन व्रत रखकर, सबका मकसद एक ही है। नारी शक्ति का सम्मान। यही विविधता भारत को दुनिया का सबसे खूबसूरत और रंगीन देश बनाती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Monika

Related News

static