क्या आपकी नाक भी हो रही है बड़ी? जानिए इसके पिछे कारण
punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 04:17 PM (IST)
नारी डेस्क : अगर आपकी नाक का आकार अचानक बढ़ता हुआ नजर आ रहा है या नाक के अंदर “गोश्त” बढ़ने जैसा महसूस हो रहा है, तो इसे हल्के में लेना सही नहीं है। कई बार यह सामान्य बदलाव हो सकता है, लेकिन कुछ मामलों में यह किसी बीमारी का संकेत भी हो सकता है। खासकर जब इसके साथ सांस लेने में दिक्कत, नाक बंद रहना या बार-बार सूजन जैसी समस्या हो, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी हो जाता है।
क्यों बढ़ता है नाक का आकार?
विशेषज्ञों के अनुसार, नाक के आकार में बदलाव के पीछे प्राकृतिक और मेडिकल दोनों कारण हो सकते हैं। कुछ बदलाव उम्र के साथ सामान्य होते हैं, जबकि कुछ स्थितियां इलाज की मांग करती हैं।

उम्र और जेनेटिक कारण
उम्र बढ़ने के साथ त्वचा ढीली होने लगती है, जिससे नाक का कार्टिलेज नीचे की ओर झुक सकता है और नाक बड़ी दिखाई देने लगती है। इसके अलावा, अगर माता-पिता की नाक बड़ी है, तो यह जेनेटिक कारण से बच्चों में भी देखने को मिल सकता है।
यें भी पढ़ें : Uric Acid बढ़ने पर शरीर में दिखने वाले ये 7 लक्षण, इन्हें कम करने के असरदार उपाय
नाक के पॉलिप्स (Nasal Polyps)
नाक के अंदर सॉफ्ट टिश्यू की असामान्य ग्रोथ को पॉलिप्स कहा जाता है। इस स्थिति में नाक के अंदर “गोश्त” बढ़ जाता है, जिससे नाक बंद रहना, सांस लेने में दिक्कत और सूंघने की क्षमता कम होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

एडेनोइड्स का बढ़ना
यह समस्या बच्चों में ज्यादा देखने को मिलती है। इसमें नाक के पीछे मौजूद टिश्यू बढ़ जाते हैं, जिससे सांस लेने में परेशानी, खर्राटे और बार-बार संक्रमण की समस्या हो सकती है। ऐसे में समय पर डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है।
यें भी पढ़ें : हार्ट अटैक की असली वजह: मीट-तेल नहीं, बल्कि 5 गलत आदतें जो नाइट्रिक ऑक्साइड घटाती हैं
साइनस की समस्या (Sinusitis)
क्रॉनिक साइनसाइटिस के कारण नाक के अंदर सूजन और ब्लॉकेज हो सकती है। इससे नाक भारी और बड़ी महसूस होती है। इसके साथ सिरदर्द और चेहरे में दर्द भी हो सकता है।

इंफेक्शन और एलर्जी
बार-बार एलर्जी या साइनस इंफेक्शन होने से नाक के अंदर सूजन आ जाती है। इस वजह से “गोश्त” बढ़ा हुआ महसूस हो सकता है। कुछ मामलों में नाक से खून आना भी एक गंभीर संकेत हो सकता है।
कब डॉक्टर को दिखाएं?
अगर आपको नीचे दिए गए लक्षण नजर आएं, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें:
लगातार नाक बंद रहना
सांस लेने में परेशानी
नाक से खून आना
सूंघने की क्षमता कम होना।
नाक का आकार बढ़ना हमेशा गंभीर समस्या नहीं होता, लेकिन इसके पीछे छिपे कारणों को समझना जरूरी है। सही समय पर जांच और इलाज से बड़ी परेशानी से बचा जा सकता है।

