Honey Singh से महाराष्ट्र साइबर सेल ने 2 घंटे तक की पूछताछ, कॉन्सर्ट में कही इस बात पर हुआ था बवाल
punjabkesari.in Saturday, Oct 17, 2026 - 12:09 PM (IST)
नारी डेस्क : रैपर और म्यूजिक प्रोड्यूसर यो यो हनी सिंह एक बार फिर विवादों में हैं। जनवरी 2026 में दिल्ली में हुए एक कॉन्सर्ट के दौरान उनकी कही बात को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने उनके बयान पर आपत्ति जताई और शिकायत दर्ज कराई गई। अब इस मामले में महाराष्ट्र साइबर सेल ने हनी सिंह से करीब दो घंटे तक पूछताछ की है। आइए जानते हैं कि आखिर कॉन्सर्ट में उन्होंने ऐसा क्या कहा था, जिस पर विवाद बढ़ गया।
कॉन्सर्ट में इंटीमेसी पर कही थी विवादित बात
साल की शुरुआत में दिल्ली में हुए एक कॉन्सर्ट के दौरान हनी सिंह ने दिल्ली की सर्दी में कार के अंदर इंटीमेट होने को लेकर टिप्पणी की थी। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद कई लोगों ने उनकी भाषा पर सवाल उठाए। कुछ लोगों का कहना था कि युवाओं के बीच लोकप्रिय कलाकार को मंच से इस तरह की बातें नहीं करनी चाहिए। वहीं, कुछ प्रशंसकों ने इसे मजाकिया अंदाज में लिया और उनका समर्थन भी किया। हालांकि, इस टिप्पणी को लेकर विवाद बढ़ा और मामला शिकायत तक पहुंच गया।
#WATCH | Mumbai | Rapper and music producer Hirdesh Singh, popularly known as Yo Yo Honey Singh, appeared before the Maharashtra Cyber Cell The summons were issued after a person filed a complaint against Honey Singh over allegedly objectionable remarks made by the rapper during a concert: Maharashtra Cyber Cell
— ANI (@ANI) October 16, 2026
हनी सिंह ने वीडियो जारी कर मांगी थी माफी
विवाद बढ़ने के बाद हनी सिंह ने सोशल मीडिया पर सफाई देते हुए माफी मांगी थी। उन्होंने कहा था कि वायरल हो रहे वीडियो को लेकर कई लोगों को उनकी भाषा आपत्तिजनक लगी, इसलिए वह अपनी बात स्पष्ट करना चाहते हैं। हनी सिंह के मुताबिक, एक कार्यक्रम से पहले उनकी कुछ स्त्री रोग विशेषज्ञों और यौन स्वास्थ्य विशेषज्ञों से बातचीत हुई थी। इस दौरान उन्हें बताया गया था कि युवाओं में यौन संचारित संक्रमणों का खतरा और असुरक्षित यौन संबंध चिंता का विषय हैं। उन्होंने दावा किया था कि कार्यक्रम में युवा दर्शकों को देखकर उन्होंने उनकी भाषा में सुरक्षित यौन संबंधों का संदेश देने की कोशिश की। उनका इरादा युवाओं को बिना सुरक्षा के यौन संबंध बनाने से रोकना और कंडोम के इस्तेमाल के प्रति जागरूक करना था।
यें भी पढें : हार्ट अटैक की असली वजह: मीट-तेल नहीं, बल्कि 5 गलत आदतें जो नाइट्रिक ऑक्साइड घटाती हैं
मेरा किसी को ठेस पहुंचाने का मकसद नहीं था
हनी सिंह ने अपनी सफाई में यह भी कहा था कि युवाओं तक संदेश पहुंचाने के लिए उन्होंने फिल्मों और ओटीटी में इस्तेमाल होने वाली भाषा जैसा अंदाज अपनाने की कोशिश की, लेकिन उनकी बात कई लोगों को बुरी लगी। उन्होंने उन सभी लोगों से माफी मांगी, जिन्हें उनकी भाषा से ठेस पहुंची थी। साथ ही, उन्होंने भविष्य में बोलते समय शब्दों का ध्यान रखने और अपनी जुबान पर नियंत्रण रखने की बात भी कही थी।
यें भी पढें : रिपोर्ट में हुआ खुलासा: इन लोगों को होता है Cancer का ज्यादा खतरा, WHO ने बताए कारण
महाराष्ट्र साइबर सेल ने क्यों की पूछताछ?
कॉन्सर्ट में की गई टिप्पणी को लेकर दर्ज शिकायत के बाद मामले की जांच शुरू हुई थी। इसी सिलसिले में महाराष्ट्र साइबर सेल ने हनी सिंह को पूछताछ के लिए बुलाया। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, उनसे करीब दो घंटे तक सवाल-जवाब किए गए। हनी सिंह ने कथित तौर पर 22 अक्टूबर को अपना बयान दर्ज कराने का अनुरोध किया था, लेकिन साइबर सेल ने इसे स्वीकार नहीं किया। मामले में आगे की कार्रवाई जांच और संबंधित अधिकारियों के निष्कर्षों पर निर्भर करेगी।

