मेट्रो स्टेशन बंद, पैदल ऑफिस जा रहे लोग...CJP के ''चलो संसद'' मार्च के कारण दिल्ली में ये हैं हालात

punjabkesari.in Monday, Jul 20, 2026 - 12:27 PM (IST)

नारी डेस्क:  दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर स्थित कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रदर्शन स्थल की ओर से जा रहे लोगों को तितर-बितर करने के लिए पटेल चौक मेट्रो स्टेशन के पास हल्का बल प्रयोग किया। कॉजपा के संसद मार्च के मद्देनजर सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) द्वारा सोमवार को पांच मेट्रो स्टेशनों को बंद किए जाने के बाद उनके आसपास अफरा-तफरी का माहौल रहा। डीएमआरसी ने सोमवार सुबह 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि सुरक्षा कारणों से अगली सूचना तक राजीव चौक, जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे।
PunjabKesari

 इसके कारण सैकड़ों यात्री फंस गए और कई लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता अपनाना पड़ा। राजधानी के सबसे व्यस्त स्टेशनों में से एक राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश और निकास द्वार बंद होने के कारण यात्रियों की भीड़ जमा हो गई। पटेल चौक मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षा कर्मियों ने जंतर-मंतर स्थित कॉजपा के प्रदर्शन स्थल की ओर जा रहे लोगों को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में कुछ यात्री स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार बंद होने के बाद बाहर निकलने के लिए अवरोधक और बंद गेट पार करते दिखाई दिए। 

PunjabKesari
जनपथ मेट्रो स्टेशन के बाहर छात्र, दफ्तर जाने वाले लोग और अन्य यात्री बंद गेट के पास एकत्र होकर सुरक्षा कर्मियों से जानकारी मिलने का इंतजार करते रहे। एक यात्री ने कहा- ''सोमवार की भीड़ से बचने के लिए मैं सामान्य से करीब एक घंटा पहले घर से निकला था, लेकिन अब मुझे दूसरे मेट्रो स्टेशन तक पैदल जाना पड़ेगा। दफ्तर पहुंचने में कम से कम 30 से 40 मिनट और लगेंगे।'' जनपथ स्टेशन पर अपनी दो सहपाठियों के साथ पहुंची कॉलेज छात्रा  ने कहा कि स्टेशन बंद होने की जानकारी उन्हें पहले से नहीं थी। उन्होंने कहा, ''हम स्टेशन पहुंचे तो देखा कि गेट बंद हैं। कुछ मिनट तक किसी को समझ नहीं आया कि क्या हुआ है। अब हम कॉलेज पहुंचने के लिए दूसरा रास्ता तलाश रहे हैं।'' 

PunjabKesari

कॉजपा के प्रस्तावित संसद मार्च के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने के बीच यह निर्णय लिया गया। इस दौरान कई यात्री मोबाइल पर नेविगेशन ऐप देखते, अपने सहकर्मियों और परिजनों को फोन करते या मेट्रो कर्मचारियों तथा पुलिसकर्मियों से वैकल्पिक मार्ग की जानकारी लेते दिखाई दिए। कई लोग पैदल ही आसपास के चालू मेट्रो स्टेशनों की ओर निकल पड़े, जबकि अन्य ने बस, ऑटो-रिक्शा और कैब का सहारा लिया। इस बीच, मध्य दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी बनी रही। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vasudha

Related News

static