Ganesh Chaturthi 2026: खास अंदाज में सजाएं बप्पा का दरबार, ये Ideas जीत लेंगी दिल
punjabkesari.in Saturday, Sep 12, 2026 - 03:08 PM (IST)
नारी डेस्क : गणेश चतुर्थी का त्योहार इस साल 14 सितंबर 2026 को मनाया जाएगा। इस दिन भक्त घरों में गणपति बप्पा की स्थापना कर पूरे भक्तिभाव से उनकी पूजा करते हैं। बप्पा के स्वागत के लिए घर को सजाने की तैयारियां भी पहले से शुरू हो जाती हैं। अगर आप भी इस गणेश उत्सव पर अपने घर के मंदिर या गणपति दरबार को कुछ अलग और खूबसूरत अंदाज देना चाहती हैं, तो महंगी सजावट के बजाय फूलों, रोशनी, पर्दों और प्राकृतिक चीजों से आकर्षक सजावट कर सकती हैं।
फूलों से बनाएं खूबसूरत मंडप
गेंदे, गुलाब और मोगरे जैसे फूलों से बप्पा के लिए सुंदर मंडप तैयार किया जा सकता है। पीछे हल्के रंग का पर्दा लगाकर उसके ऊपर फूलों की लड़ियां सजाएं। चाहें तो फूलों से ॐ या स्वास्तिक की आकृति भी बनाई जा सकती है। इससे गणपति दरबार को पारंपरिक और बेहद सुंदर लुक मिलेगा।

फेयरी लाइट्स से जगमगाएं बप्पा का दरबार
अगर आप कम मेहनत में आकर्षक सजावट चाहती हैं तो फेयरी लाइट्स अच्छा विकल्प हैं। इन्हें पर्दे, मंडप के चारों ओर या बैकड्रॉप पर लगाकर बप्पा के दरबार को रोशन कर सकती हैं। शाम के समय इनकी रोशनी पूरे पूजा स्थल की खूबसूरती बढ़ा देगी।

पत्तों और पौधों से दें नेचुरल लुक
गणपति सजावट में हरे पत्तों और छोटे पौधों का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। केले के पत्ते, आम के पत्तों की बंदनवार या छोटे सजावटी पौधों से मंडप को प्राकृतिक और पारंपरिक अंदाज दें। ऐसी सजावट देखने में खूबसूरत होने के साथ काफी सुकून भरा माहौल भी बनाती है।

रंगीन पर्दों से बनाएं बैकड्रॉप
बप्पा के आसन के पीछे लाल, पीला, गुलाबी या केसरिया रंग का पर्दा लगाया जा सकता है। इसके ऊपर फूलों की लड़ियां और रोशनी लगाकर एक सुंदर बैकड्रॉप तैयार करें। लाल और पीले जैसे रंगों का इस्तेमाल गणपति सजावट में पारंपरिक रूप से खूब किया जाता है।

रंगोली और दीयों से बढ़ाएं रौनक
गणपति दरबार के सामने खूबसूरत रंगोली बनाएं और उसके चारों ओर मिट्टी के दीये रखें। फूलों की पंखुड़ियों से बनी रंगोली भी बेहद सुंदर लगेगी। अगर घर में बच्चे हैं तो उन्हें भी इस सजावट में शामिल कर सकते हैं।

इको-फ्रेंडली सजावट से सजाएं बप्पा का दरबार
इस बार सजावट में थर्माकोल और प्लास्टिक की जगह कागज, कपड़ा, फूल, पत्ते, बांस और मिट्टी जैसी चीजों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे पूजा स्थल को खूबसूरत पारंपरिक लुक मिलेगा और सजावट अधिक पर्यावरण-अनुकूल भी रहेगी।

छोटे बजट में ऐसे करें सजावट
अगर आप ज्यादा पैसे खर्च नहीं करना चाहतीं तो घर में मौजूद दुपट्टे या साड़ियों को बैकड्रॉप की तरह इस्तेमाल करें। फूलों की माला, कुछ दीये और एक लाइट की लड़ियां लगाकर भी खूबसूरत गणपति दरबार तैयार किया जा सकता है। खास बात यह है कि सजावट में महंगी चीजों से ज्यादा साफ-सफाई, रचनात्मकता और श्रद्धा मायने रखती है।

