हेयर ट्रांसप्लांट के दौरान इंजीनियर की मौत, इंजेक्शन लगाते ही चेहरे पर आई सूजन, डॉक्टर फरार
punjabkesari.in Monday, May 12, 2025 - 12:21 PM (IST)

नारी डेस्क: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक इंजीनियर की मौत हो गई जब वह हेयर ट्रांसप्लांट करवाने के लिए एक प्राइवेट क्लिनिक में गए थे। यह घटना तब हुई जब डॉक्टर ने इंजेक्शन लगाया और उसके बाद इंजीनियर की हालत बिगड़ गई।
इंजीनियर विनीत दुबे की मौत
पनकी पॉवर प्लांट में तैनात सहायक अभियंता विनीत दुबे (37) की मौत 14 मार्च को हुई। विनीत दुबे गोरखपुर के निवासी थे और उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। विनीत ने 13 मार्च को कानपुर के एक प्राइवेट क्लिनिक में हेयर ट्रांसप्लांट करवाने का फैसला किया था। लेकिन जैसे ही डॉक्टर ने उन्हें इंजेक्शन लगाया, उनके चेहरे पर सूजन आ गई और हालत बिगड़ने लगी।
विनीत के परिवार ने बताया कि डॉक्टर अनुष्का तिवारी ने फोन करके सूचित किया कि विनीत के चेहरे पर मामूली सूजन आ गई है। इस वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। हालात बिगड़ने पर परिवार ने विनीत को रिजेंसी हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां 14 मार्च को उनकी मौत हो गई।
ये भी पढ़े: 'जीजा जी भिखारी हैं क्या',भाई ने किया बहन के दहेज का व्लॉग, कमेंटरी सुनकर हंसी रोक न पाए लोग
डॉक्टर फरार
इस घटना के बाद डॉक्टर अनुष्का तिवारी क्लिनिक और अपना मोबाइल फोन बंद कर फरार हो गईं। परिवार ने डॉक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज करने के लिए कई दफ्तरों के चक्कर लगाए, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अंततः 54 दिन बाद इंजीनियर की पत्नी जया दुबे ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की और इसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।
परिवार ने सीएम पोर्टल पर दी शिकायत
जया दुबे ने बताया कि उसने सभी ऑडियो, वीडियो और अन्य साक्ष्यों के साथ मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की। शिकायत के बाद रावतपुर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की और मामले की जांच शुरू की। एसीपी अभिषेक पांडेय ने बताया कि इंजीनियर की पत्नी की तहरीर पर डॉक्टर के खिलाफ लापरवाही से मौत की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जया दुबे ने बताया कि वह कई बार थाना, चौकी, एसीपी, और डीसीपी के दफ्तरों के चक्कर काट चुकी थीं, लेकिन कहीं भी उनकी सुनवाई नहीं हुई। अंत में सीएम पोर्टल पर शिकायत के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की और मामले में कार्रवाई शुरू की।