Brain Stroke होने पर खास तौर पर ये 3 लक्षण आते हैं नज़र

punjabkesari.in Thursday, May 29, 2025 - 03:24 PM (IST)

 नारी डेस्क:  ब्रेन स्ट्रोक (Brain Stroke) आज एक तेजी से बढ़ती स्वास्थ्य समस्या बन चुका है, जिससे दुनियाभर में हर साल लाखों लोगों की जान जा रही है। डॉक्टरों का कहना है कि अगर इसके शुरुआती लक्षणों को समय पर पहचान लिया जाए तो जान बचाई जा सकती है और गंभीर परिणामों से बचा जा सकता है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, हर साल करीब 15 मिलियन (1.5 करोड़) लोग ब्रेन स्ट्रोक का शिकार होते हैं, जिनमें से 5 मिलियन (50 लाख) की मौत हो जाती है और 5 मिलियन स्थाई रूप से विकलांग हो जाते हैं।

क्या होता है ब्रेन स्ट्रोक?

जब मस्तिष्क में रक्त का प्रवाह अचानक रुक जाता है या मस्तिष्क में ब्लीडिंग (रक्तस्राव) हो जाती है, तो ऑक्सीजन और पोषक तत्वों की आपूर्ति बंद हो जाती है। इससे कुछ ही मिनटों में मस्तिष्क की कोशिकाएं मरने लगती हैं। इसे ही ब्रेन स्ट्रोक या ब्रेन अटैक कहा जाता है।

PunjabKesari

जानिए ब्रेन स्ट्रोक के 3 प्रमुख लक्षण

बोलने में परेशानी (Speech Difficulty)

ब्रेन स्ट्रोक का सबसे पहला और स्पष्ट लक्षण बोलने में कठिनाई है। इस स्थिति में मरीज के शब्द अस्पष्ट हो जाते हैं या वह सही शब्दों का चयन नहीं कर पाता। कभी-कभी वह बात को समझने में भी असमर्थ हो सकता है। इसके अलावा, मरीज की आवाज़ भी धीमी या अजीब लग सकती है। इससे आसपास के लोग उसकी बात सही से समझ नहीं पाते। यदि अचानक कोई व्यक्ति बात करने या सुनने में असमर्थ हो, तो इसे गंभीर स्थिति समझकर तुरंत चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए। यह लक्षण मस्तिष्क के उस हिस्से में रक्त प्रवाह रुकने का संकेत देता है जो भाषा को नियंत्रित करता है।

शरीर के एक हिस्से में सुन्नपन (Numbness)

ब्रेन स्ट्रोक के दौरान अक्सर शरीर के एक तरफ हाथ, पैर या चेहरा अचानक सुन्न हो जाता है या कमजोर महसूस होता है। यह कमजोरी इतनी तीव्र हो सकती है कि व्यक्ति उस हाथ या पैर को हिला भी न सके। खासतौर पर अगर यह समस्या अचानक हो और शरीर के केवल एक तरफ ही हो, तो इसे अनदेखा न करें। यह मस्तिष्क में रक्त प्रवाह की बाधा के कारण मांसपेशियों तक संकेत पहुंचने में विफलता का संकेत है। समय रहते इलाज न होने पर यह सुन्नपन स्थायी विकलांगता में बदल सकता है।

PunjabKesari

ये भी पढ़ें: रोज़ सुबह पी लो ये जूस, बीमारियां रहेंगी दूर और चेहरे पर आएगा निखार

चेहरे में बदलाव (Facial Drooping)

ब्रेन स्ट्रोक के सबसे पहचानने वाले लक्षणों में से एक है चेहरे का एक ओर झुकना या लटकना। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि स्ट्रोक मस्तिष्क के उस हिस्से को प्रभावित करता है जो चेहरे की मांसपेशियों को नियंत्रित करता है। मरीज जब मुस्कुराने या बोलने की कोशिश करता है, तो उसका चेहरा अधूरा या टेढ़ा दिखता है। कई बार मरीज को खुद इसका एहसास भी नहीं होता। अगर कोई व्यक्ति अचानक मुस्कुराते समय या बात करते हुए ऐसा दिखे, तो उसे तुरंत डॉक्टर के पास ले जाना चाहिए क्योंकि यह ब्रेन स्ट्रोक का स्पष्ट संकेत है।
कैसे पहचानें कि मामला ब्रेन स्ट्रोक का है?

विशेषज्ञों के मुताबिक FAST तकनीक का इस्तेमाल करें

F – Face: मरीज मुस्कुराने की कोशिश करे, चेहरा एक तरफ झुका है क्या?

A – Arms: दोनों हाथ ऊपर उठाए, क्या एक हाथ गिर रहा है?

S – Speech: कोई वाक्य बोले, क्या आवाज अस्पष्ट है?

T – Time: एक पल भी बर्बाद न करें, तुरंत अस्पताल पहुंचें।

इलाज से ज्यादा ज़रूरी है जागरूकता

ब्रेन स्ट्रोक के लक्षण दिखते ही तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। याद रखें — "टाइम इज़ ब्रेन", यानी जितना जल्दी इलाज शुरू होगा, मस्तिष्क की क्षति उतनी ही कम होगी।

ब्रेन स्ट्रोक से बचाव के उपाय

रोजाना 30 मिनट की फिजिकल एक्टिविटी करें।

ब्लड प्रेशर और शुगर कंट्रोल में रखें।

धूम्रपान और अत्यधिक शराब से बचें।

वजन और कोलेस्ट्रॉल का ध्यान रखें।

तनाव कम करें और पर्याप्त नींद लें।

PunjabKesari

ब्रेन स्ट्रोक अचानक आता है, लेकिन अगर उसके संकेतों को समय रहते समझ लिया जाए, तो जिंदगी बचाई जा सकती है। खुद भी जागरूक बनें और अपने परिवार और दोस्तों को भी इस बारे में जानकारी दें।
 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static