बच्चों के सोने का सही टाइम क्या है? डॉक्टर ने बताया कौन सा टाइम बढ़ाए ग्रोथ और दिमाग की ताकत

punjabkesari.in Monday, Jun 09, 2025 - 04:49 PM (IST)

नारी डेस्क: अच्छी और सही नींद हर उम्र के लिए बहुत जरूरी होती है। खासकर बच्चों की बढ़वार में नींद का बहुत बड़ा योगदान होता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि छोटे बच्चों को किस समय सोना चाहिए? यानी बच्चों के सोने का सही समय क्या है? अगर नहीं जानते तो इस आर्टिकल में हम आपको इसका जवाब देंगे। साथ ही बच्चों को आरामदायक और अच्छी नींद दिलाने के कुछ आसान और असरदार तरीके भी बताएंगे।

एक्सपर्ट क्या कहते हैं?

इस बात को लेकर प्रसिद्ध बाल रोग विशेषज्ञ (पीडियाट्रिशियन) डॉ. पवन मंडाविया ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया है। इस वीडियो में डॉ. मंडाविया कहते हैं कि छोटे बच्चों को रात 9 से 10 बजे के बीच सुला देना चाहिए। क्योंकि इस समय बच्चे के शरीर में ग्रोथ हार्मोन की सबसे अधिक मात्रा निकलती है। यह हार्मोन बच्चों की लंबाई बढ़ाने, मसल्स को मजबूत करने और इम्यून सिस्टम को बेहतर बनाने में मदद करता है।

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by Dr Pawan Mandaviya (@drpawan_clinic)

कई शोधों के अनुसार, यदि बच्चा इस समय गहरी नींद में होता है, तो उसकी ग्रोथ अच्छी होती है। 9 बजे तक सो जाने से बच्चे को पूरी नींद मिलती है, जिससे वह स्वस्थ, तंदुरुस्त और खुश रहता है। वहीं अगर नींद पूरी नहीं होती तो बच्चा जल्दी चिड़चिड़ा हो जाता है, थका हुआ महसूस करता है और उसकी पढ़ाई और सीखने की क्षमता पर भी बुरा असर पड़ता है।

ये भी पढ़े: किसी से भी मिलने में शर्माता है बच्चा, एक्सपर्ट ने पैरेंट्स को बताई आसान टिप्स जो झिझक को करेगी दू

बच्चों को जल्दी सुलाने के लिए क्या करें?

रूटीन बनाएं: डॉक्टर का कहना है कि सबसे पहले एक नियमित सोने का रूटीन बनाएं। जैसे कि सोने से पहले बच्चे को नहलाएं, फिर डिनर कराएं। उसके बाद बच्चे को गुनगुना दूध पिलाएं और फिर कोई कहानी पढ़कर उसे सुलाने की कोशिश करें। रोजाना यही प्रक्रिया अपनाने से बच्चे के दिमाग और शरीर को पता चल जाता है कि अब सोने का समय है।

कमरे का सही माहौल बनाएं: सोने से पहले कमरे की लाइट बंद कर दें और पूरी तरह अंधेरा करें। अच्छे और मोटे पर्दे लगाएं ताकि बाहर की रोशनी अंदर न आ सके। इससे बच्चे को सोने में आसानी होती है।

PunjabKesari

सही तापमान रखें: कमरे का तापमान न ज्यादा गर्म होना चाहिए और न ही ज्यादा ठंडा। आरामदायक और संतुलित तापमान बच्चे की नींद को गहरी और आरामदायक बनाता है।

गैजेट्स से दूरी बनाएं: सोने से कम से कम 2 घंटे पहले बच्चे को मोबाइल, टीवी या टैबलेट इस्तेमाल करने से रोकें। ये गैजेट्स बच्चों के दिमाग को सक्रिय कर देते हैं, जिससे नींद में दिक्कत होती है।

खेलना जरूरी है: दिन में कम से कम एक घंटे तक बाहर खेलना बच्चों के लिए जरूरी होता है। इससे उनकी एनर्जी सही तरीके से खर्च होती है और वे थकावट के कारण जल्दी सो जाते हैं।

सॉफ्ट म्यूजिक का सहारा लें: सोते समय हल्का और सुकून देने वाला म्यूजिक बच्चों को शांत करता है और नींद जल्दी लाने में मदद करता है।

आरामदायक कपड़े पहनाएं: बच्चों को सोते समय हल्के, नरम और ढीले कपड़े पहनाएं ताकि उन्हें कोई तकलीफ न हो और वे आराम से सो सकें।

लंबी दोपहर की नींद से बचें: डॉक्टर यह भी बताते हैं कि 2 साल से बड़े बच्चों को दोपहर में बहुत ज्यादा लंबी नींद लेने से बचाना चाहिए। क्योंकि इससे उनकी रात की नींद प्रभावित होती है और वे रात में देर से सोते हैं या नींद पूरी नहीं होती।

बच्चों को सही समय पर सोना और अच्छी नींद लेना उनकी सेहत और विकास के लिए बेहद जरूरी है। उपरोक्त सरल उपायों को अपनाकर आप अपने बच्चे की नींद को बेहतर बना सकते हैं और उसे स्वस्थ, खुश और ऊर्जावान रख सकते हैं।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

PRARTHNA SHARMA

Related News

static