शादी से पहले खुद से जरूर पूछें ये सवाल, ताकि बाद में ना हो पछतावा
punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 06:01 PM (IST)
नारी डेस्क: शादी सिर्फ दो लोगों का साथ नहीं, बल्कि पूरी जिंदगी का फैसला होता है। अक्सर लड़कियां जीवनसाथी में क्या चाहिए, इस पर तो बहुत सोचती हैं, लेकिन खुद से जरूरी सवाल पूछना भूल जाती हैं। यही सवाल आगे चलकर रिश्ते को मजबूत या कमजोर बनाते हैं। अगर आप शादी के बारे में सोच रही हैं, तो पहले खुद से ये सवाल जरूर पूछें ताकि बाद में किसी बात का पछतावा ना हो।
क्या मैं सच में शादी के लिए तैयार हूं?
सिर्फ उम्र या समाज के दबाव में आकर शादी करना सही नहीं है। खुद से पूछें क्या मैं मानसिक और भावनात्मक रूप से तैयार हूं?

मेरे जीवन के लक्ष्य क्या हैं?
क्या शादी के बाद भी आप अपने सपनों को पूरा करना चाहती हैं? अगर इसका जवाब हां है तो क्या आप अपने करियर और परिवार के बीच संतुलन बना पाएंगी?
मुझे रिश्ते में क्या चाहिए?
हर व्यक्ति की उम्मीदें अलग होती हैं। खुद से पूछिए क्या आप प्यार, सम्मान, आजादी या स्थिरता में से किसे सबसे ज्यादा महत्व देती हैं?
क्या मैं समझौते के लिए तैयार हूं?
शादी में समझौता करना पड़ता है, लेकिन खुद को खो देना नहीं। खुद से पूछें मैं किन बातों पर समझौता कर सकती हूं और किन पर नहीं?

क्या मैं नई जिम्मेदारियों के लिए तैयार हूं?
शादी के बाद सिर्फ पार्टनर नहीं, बल्कि एक नया परिवार भी जुड़ता है। क्या आप इस बदलाव को अपनाने के लिए तैयार हैं?
क्या मैं आर्थिक रूप से जागरूक हूं?
शादी के बाद फाइनेंस एक बड़ा हिस्सा होता है। क्या आप अपने पैसों और जिम्मेदारियों को समझती हैं?
क्या मैं अकेले खुश रह सकती हूं?
अगर आप खुद के साथ खुश नहीं हैं, तो किसी और के साथ खुश रहना मुश्किल हो सकता है। खुद से प्यार करना सबसे जरूरी है।
क्या मैं किसी दबाव में तो नहीं हूं?
परिवार, समाज या उम्र का दबाव कई बार गलत फैसले करा देता है। यकीन करें कि यह फैसला सिर्फ आपका है।
ध्यान रखें ये बात
शादी से पहले खुद को समझना सबसे जरूरी है। जब आप अपने मन, जरूरतों और सीमाओं को समझ लेंगी, तभी आप सही जीवनसाथी चुन पाएंगी। याद रखें, सही रिश्ता वही होता है जिसमें आप खुद को खोए बिना खुश रह सकें।

