10 साल से फिल्मों का एक भी ऑफर नहीं मिला', अर्चना पूरन सिंह का छलका दर्द

punjabkesari.in Monday, Jul 20, 2026 - 10:54 AM (IST)

 नारी डेस्क:   टीवी की मशहूर अभिनेत्री और कॉमेडियन अर्चना पूरन सिंह इन दिनों अपनी आगामी वेब सीरीज 'आदर्श बाल विद्यालय' को लेकर चर्चा में हैं। इस सीरीज के जरिए वह ओटीटी की फिक्शन दुनिया में कदम रखने जा रही हैं। इसी बीच एक इंटरव्यू में उन्होंने अपने करियर को लेकर ऐसा खुलासा किया, जिसने सभी को हैरान कर दिया। अर्चना ने बताया कि पिछले 10 वर्षों तक उन्हें फिल्मों में अभिनय का एक भी ऑफर नहीं मिला।

'ब्रांड एंडोर्समेंट मिलते हैं, लेकिन एक्टिंग के ऑफर नहीं'

 एक इंटरव्यू में अर्चना पूरन सिंह ने कहा कि उन्हें आज भी ब्रांड एंडोर्समेंट के प्रस्ताव मिलते रहते हैं, लेकिन अभिनय के लिए अच्छे ऑफर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में उन्होंने एक फिल्म का प्रस्ताव ठुकरा दिया, क्योंकि उन्हें उसमें दिया गया किरदार पसंद नहीं आया। अर्चना ने कहा, "ऐसा बिल्कुल नहीं है कि 'टोस्टर' के बाद मेरे पास फिल्मों की लाइन लग गई हो। मैं आज भी अच्छे और दमदार किरदारों का इंतजार कर रही हूं। मैं काम करना चाहती हूं, लेकिन ऐसे रोल नहीं करना चाहती जो मुझे संतुष्ट न करें।"

PunjabKesari

'बोल बच्चन' के बाद भी नहीं बदली किस्मत

अर्चना ने बताया कि साल 2012 में रिलीज हुई रोहित शेट्टी की सुपरहिट फिल्म 'बोल बच्चन' के बाद उन्हें उम्मीद थी कि फिल्मों में लगातार काम मिलेगा। उस समय कई ट्रेड एनालिस्ट्स ने भी उनसे कहा था कि इस फिल्म के बाद उनके पास ऑफर्स की भरमार हो जाएगी। हालांकि, ऐसा नहीं हुआ। इस अनुभव को साझा करते हुए अर्चना ने कहा, "'बोल बच्चन' के रिलीज होने के बाद लोगों ने मुझसे कहा था कि अब आपको लगातार फिल्में मिलेंगी। मैंने मजाक में कहा था कि पहला ऑफर आते ही मैं आपको फोन करूंगी। लेकिन दस साल बीत गए और मुझे उन्हें फोन करने की कभी नौबत ही नहीं आई। उन दस वर्षों में मुझे एक भी फिल्म का ऑफर नहीं मिला। हमारी इंडस्ट्री बहुत अजीब है।"

ये भी पढ़ें:  भारतीय MMA फाइटर  ने पाकिस्तान में रचा इतिहास, 80 सेकंड में जीता 'स्ट्राइक एशिया' खिताब

आखिर क्यों नहीं मिले फिल्मों के ऑफर

अर्चना का मानना है कि इसके पीछे कई वजहें हो सकती हैं। उन्होंने बताया कि लंबे समय तक टीवी शोज में व्यस्त रहने के कारण फिल्ममेकर्स को लगता था कि उनके पास फिल्मों के लिए समय नहीं होगा। उन्होंने कहा, "जब मैं टीवी शो कर रही थी, तब कई बार फिल्मों के ऑफर आए भी, लेकिन शूटिंग शेड्यूल की वजह से उन्हें स्वीकार नहीं कर पाई। अगर किसी फिल्म की शूटिंग 15-20 दिनों के लिए विदेश में होती थी, तो मेरे लिए टीवी की कमिटमेंट्स छोड़कर जाना संभव नहीं था। शायद इसी वजह से लोगों ने मुझे फिल्मों के लिए अप्रोच करना कम कर दिया।"

अब ओटीटी पर करेंगी फिक्शन डेब्यू

टीवी और कॉमेडी शोज में अपनी अलग पहचान बनाने के बाद अब अर्चना पूरन सिंह वेब सीरीज 'आदर्श बाल विद्यालय' के जरिए ओटीटी पर फिक्शन डेब्यू करने जा रही हैं। इसे लेकर वह काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि अब तक दर्शकों ने उन्हें ओटीटी पर 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' जैसे नॉन-फिक्शन फॉर्मेट में देखा है, लेकिन इस बार वह एक बिल्कुल अलग किरदार में नजर आएंगी। अर्चना के मुताबिक, यह उनके लिए खुद को नए अंदाज में पेश करने का बेहतरीन मौका है और इसका पूरा श्रेय सीरीज के मेकर्स को जाता है।

PunjabKesari

अभिनय से अब भी कायम है लगाव

अर्चना पूरन सिंह का कहना है कि अभिनय हमेशा उनकी पहली पसंद रहा है और वह आज भी ऐसे किरदारों का इंतजार कर रही हैं जो चुनौतीपूर्ण होने के साथ-साथ दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ सकें। उनका मानना है कि सही भूमिका मिलने पर वह बड़े पर्दे पर एक बार फिर दमदार वापसी करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
  
 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static