बाढ़ और बारिश ने इस राज्य का किया बुरा हाल, 3 सितंबर तक स्कूल बंद करने का ऐलान
punjabkesari.in Monday, Sep 01, 2025 - 09:43 AM (IST)

नारी डेस्क: देश के कई राज्यों में बारिश ने भयंकर तबाही मचाई है। पंजाब के कई जिले पिछले कुछ दिनों से बाढ़ की मार झेल रहे हैं। यहां के हालात को देखते हुए सीएम भगवंत मान ने पंजाब राज्य के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त और निजी स्कूलों को 3 सितंबर 2025 तक बंद करने का निर्णय लिया गया है। अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की गई है कि वे सुरक्षा को प्राथमिकता दें तथा प्रशासन द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें।

1,312 गांव बाढ़ से प्रभावित
पिछले दिनों बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों के कई स्कूलों में कई फीट पानी का स्तर देखा गया था। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए CM ने 31 अगस्त तक स्कूलों को बंद किया था। सरकार द्वारा सभी स्कूलों की छुट्टियां 3 सितंबर तक बढ़ा दिए जाने के बाद, पंजाब के राजस्व मंत्री हरदीप सिंह मुंडियन ने रविवार को कहा कि राज्य के बाढ़ प्रभावित इलाकों से 14,936 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। इसके अलावा, 122 राहत शिविर चालू हैं, जो 6,582 प्रभावित लोगों को आश्रय प्रदान कर रहे हैं, जिनमें से 1,312 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं।
राहत शिविरों पर पहुंचाए जा रहे लोग
मंत्री ने बताया किराष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), एसडीआरएफ, सेना और पंजाब पुलिस के जवानों सहित पूरी राज्य मशीनरी जान-माल की सुरक्षा के लिए चौबीसों घंटे अथक प्रयास कर रही है। ज़िलेवार विवरण देते हुए, कैबिनेट मंत्री ने बताया कि अमृतसर ज़िले में 1,700, बरनाला में 25, फाज़िल्का में 1,599, फिरोज़पुर में 3,265, गुरदासपुर में 5,456, होशियारपुर में 1,052, कपूरथला में 362, मानसा में 163, मोगा में 115, पठानकोट में 1,139 और तरनतारन ज़िले में 60 लोगों को बचाया गया है। वर्तमान में 122 राहत शिविर कार्यरत हैं। सभी उपायुक्तों को इन शिविरों में आवश्यक आपूर्ति की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

सेना के जवानों ने संभाला मोर्चा
भारतीय सेना, भारतीय नौसेना और भारतीय वायु सेना को भी कपूरथला, गुरदासपुर, फिरोजपुर और पठानकोट में सेवा में लगाया गया है, जबकि गुरदासपुर और फिरोजपुर में बीएसएफ की एक-एक टीम राहत कार्य कर रही है। पंजाब पुलिस और अग्निशमन विभाग कपूरथला और फिरोजपुर के प्रभावित इलाकों में प्रशासन की सहायता कर रहे हैं।