फेमस रैपर पर टूटा दुखों का पहाड़! तालाब में मिली बेटे की लाश, 3 दिन से था लापता
punjabkesari.in Saturday, Feb 07, 2026 - 04:44 PM (IST)
नारी डेस्क : फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। हॉलीवुड के मशहूर रैपर और रिकॉर्ड प्रोड्यूसर लिल जॉन (Lil Jon) के बेटे का शव तालाब में मिलने से हर कोई स्तब्ध है। यह खबर न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरी म्यूजिक इंडस्ट्री के लिए गहरा सदमा बनकर आई है। हॉलीवुड के फेमस रैपर लिल जॉन के 27 वर्षीय बेटे नाथन स्मिथ (Nathan Smith), जिन्हें म्यूजिक की दुनिया में ‘डीजे यंग स्लेड’ (DJ Young Slade) के नाम से जाना जाता था, अब इस दुनिया में नहीं रहे। नाथन पिछले तीन दिनों से लापता थे और 6 फरवरी 2026 की सुबह पुलिस ने उनका शव बरामद किया।
3 दिन से लापता थे नाथन स्मिथ
रिपोर्ट के मुताबिक, नाथन स्मिथ बीते तीन दिनों से लापता थे। परिवार और दोस्त लगातार उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। स्थानीय पुलिस और अधिकारी उनकी लोकेशन ट्रेस करने में जुटे हुए थे। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे, अटलांटा में उनके घर के पास स्थित एक तालाब में नाथन का शव तैरता हुआ मिला। इस घटना ने पूरे म्यूजिक जगत को गहरे सदमे में डाल दिया है।

बेटे की मौत पर लिल जॉन का इमोशनल बयान
जवान बेटे को खोने के गम में लिल जॉन पूरी तरह टूट चुके हैं। उन्होंने एक आधिकारिक बयान जारी कर अपना दर्द साझा किया। लिल जॉन ने कहा, हमारे बेटे नाथन की मौत की खबर देते हुए मेरा दिल बैठ रहा है। उसकी मां निकोल स्मिथ और मैं गहरे सदमे में हैं। नाथन बेहद दयालु, शांत स्वभाव और समझदार लड़का था। हमें उस पर हमेशा गर्व रहा और हम उसे बहुत प्यार करते थे। हमने उसके साथ बिताए हर पल में उसे वही प्यार और सम्मान दिया, जिसका वह हकदार था।
यें भी पढ़ें : ड्रग्स केस में Actress गिरफ्तार, 8 लोगों के नाम आए सामने
म्यूजिक प्रोड्यूसर और आर्टिस्ट थे नाथन स्मिथ
नाथन स्मिथ सिर्फ एक सेलिब्रिटी किड नहीं थे, बल्कि वह अपनी अलग पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे थे। उन्होंने न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया था। वह एक इंजीनियर होने के साथ-साथ उभरते हुए म्यूजिक प्रोड्यूसर और आर्टिस्ट भी थे। ‘डीजे यंग स्लेड’ के नाम से वह म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहे थे।

यें भी पढ़ें : इस Actor ने अपनी ही शादी में पिता को बुलाना जरूरी नहीं समझा
मौत की वजह अब भी रहस्य
फिलहाल नाथन स्मिथ की मौत की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस यह जांच कर रही है कि यह हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इस दुखद घटना के बाद सोशल मीडिया पर हॉलीवुड से जुड़ी कई हस्तियां लिल जॉन और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कर रही हैं।

