3 साल का प्यार खत्म! पलक तिवारी और इब्राहिम अली खान के ब्रेकअप की खबर से फैंस हैरान
punjabkesari.in Friday, Oct 30, 2026 - 03:10 PM (IST)
नारी डेस्क: बॉलीवुड में कुछ रिश्ते ऐसे होते हैं, जिनकी शुरुआत तो सबके सामने होती है, लेकिन उनके बारे में कपल कभी खुलकर बात नहीं करता। पलक तिवारी और इब्राहिम अली खान का रिश्ता भी कुछ ऐसा ही रहा है। दोनों को कई बार पार्टी, डिनर और छुट्टियों के दौरान साथ देखा गया, जिसके बाद उनके अफेयर की खबरें लगातार चर्चा में रहीं। हालांकि, दोनों ने कभी अपने रिश्ते को आधिकारिक तौर पर स्वीकार नहीं किया। अब इस कथित कपल को लेकर एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब तीन साल से ज्यादा समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद पलक और इब्राहिम ने अलग होने का फैसला कर लिया है।
किसने लिया ब्रेकअप का फैसला
'हिंदुस्तान टाइम्स' की 30 अक्टूबर की रिपोर्ट के मुताबिक, पलक और इब्राहिम के करीबियों ने उनके अलग होने की खबर दी है। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि इस रिश्ते को खत्म करने की पहल इब्राहिम की तरफ से हुई थी। हालांकि, दोनों के अलग होने की असली वजह अभी सामने नहीं आई है। रिपोर्ट के अनुसार, दोनों ने आपसी सहमति से अपनी राहें अलग करने का फैसला किया है। फिलहाल पलक और इब्राहिम की ओर से इस खबर पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

हाल ही में रणथंभौर में साथ दिखे थे दोनों
पलक और इब्राहिम के ब्रेकअप की खबर इसलिए भी हैरान करने वाली है, क्योंकि कुछ समय पहले ही दोनों राजस्थान के रणथंभौर में साथ नजर आए थे। यहां दोनों टाइगर सफारी के लिए पहुंचे थे। उनकी साथ मौजूदगी ने एक बार फिर उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज कर दी थीं। ऐसे में अचानक ब्रेकअप की खबर सामने आने से फैंस भी हैरान हैं।खास बात यह है कि दोनों अभी भी सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को फॉलो कर रहे हैं। रिपोर्ट में एक सूत्र के हवाले से बताया गया है कि इब्राहिम जल्द ही एक सेलिब्रिटी टॉक शो में नजर आने वाले हैं। वह नहीं चाहते कि शो में उनकी मौजूदगी से ज्यादा चर्चा उनके कथित ब्रेकअप को लेकर हो।
साथ होने वाले शूट भी हुए रद्द
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि पलक और इब्राहिम को लेकर कुछ शूट की योजनाएं बनाई गई थीं। लेकिन अब उनके अलग होने के बाद इन शूट को या तो रद्द कर दिया गया है या फिलहाल रोक दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, दोनों अब अपने-अपने करियर पर ध्यान देना चाहते हैं। हालांकि, इन सभी दावों पर अभी तक दोनों कलाकारों की तरफ से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
ये भी पढ़ें: 3 साल का प्यार खत्म! पलक तिवारी और इब्राहिम अली खान के ब्रेकअप की खबर से फैंस हैरान
2022 में शुरू हुई थीं अफेयर की चर्चाएं
पलक तिवारी और इब्राहिम अली खान के रिश्ते की खबरें साल 2022 में सामने आनी शुरू हुई थीं। उस दौरान दोनों को मुंबई के एक रेस्टोरेंट से साथ बाहर निकलते हुए देखा गया था। पैपराजी के कैमरों को देखकर पलक अपना चेहरा छिपाने की कोशिश करती भी नजर आई थीं। इसके बाद दोनों कई बार पार्टी और दूसरी जगहों पर साथ दिखाई दिए। कभी साथ में घूमने की तस्वीरें तो कभी छुट्टियों के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते रहे। इन सबके चलते दोनों के अफेयर की खबरों को लगातार हवा मिलती रही। साल 2023 में सोशल मीडिया पर्सनैलिटी ओरी से जुड़े एक विवाद के दौरान भी दोनों का नाम चर्चा में आया था।

दोनों ने कभी नहीं किया रिश्ते को ऑफिशियल
पलक तिवारी टीवी एक्ट्रेस श्वेता तिवारी की बेटी हैं, जबकि इब्राहिम अली खान अभिनेता सैफ अली खान और अमृता सिंह के बेटे हैं। पलक ने सलमान खान की फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' से बॉलीवुड में पहचान बनाई थी। वहीं, इब्राहिम ने फिल्म 'नादानियां' से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा।
दोनों ने हमेशा अपने रिश्ते को लेकर चुप्पी बनाए रखी। इब्राहिम ने एक इंटरव्यू में पलक को अपनी अच्छी दोस्त बताया था। अब उनके ब्रेकअप की खबरें सामने आने के बाद भी दोनों की तरफ से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में फिलहाल यह देखना दिलचस्प होगा कि पलक और इब्राहिम इन खबरों पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।

