धीरेंद्र शास्त्री के जन्मदिन से पहले बागेश्वर धाम पहुंचे Anant Ambani, वायरल हुई तस्वीरें
punjabkesari.in Friday, Jul 03, 2026 - 01:11 PM (IST)
नारी डेस्क : उद्योगपति अनंत अंबानी ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के जन्मदिन से पहले मध्य प्रदेश स्थित बागेश्वर धाम पहुंचकर भगवान बालाजी के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के साथ यज्ञ में हिस्सा लिया, विशेष पूजा-अर्चना की और देश-दुनिया की सुख-समृद्धि की कामना की। उनकी इस आध्यात्मिक यात्रा की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के साथ हवन कुंड में बैठकर उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ में आहुतियां दीं और देश में सुख, शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की। पूजा-अर्चना के बाद अनंत अंबानी ने 11 कन्याओं का पूजन किया और काशी से आए विद्वान ब्राह्मणों का सम्मान कर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मुलाकात की, जहां दोनों के बीच विभिन्न सामाजिक और आध्यात्मिक विषयों पर चर्चा हुई।

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अनंत अंबानी को दिए खास उपहार
इस विशेष मुलाकात के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अनंत अंबानी को रुद्राक्ष की माला, गदा और विशाल मुद्गर भेंट किए। इन उपहारों के साथ दोनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं और श्रद्धालु भी इन्हें काफी पसंद कर रहे हैं। अनंत अंबानी और धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बीच लंबे समय से अच्छे संबंध बताए जाते हैं। अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी के दौरान भी अंबानी परिवार ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को विशेष रूप से आमंत्रित किया था।

अनंत अंबानी के दौरे को देखते हुए बागेश्वर धाम और आसपास के पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी उनके दर्शन के लिए पहुंचे, जिससे पूरे परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

हाल ही में तिरुपति बालाजी मंदिर भी पहुंचे थे अनंत अंबानी
बागेश्वर धाम पहुंचने से पहले अनंत अंबानी ने तिरुपति बालाजी मंदिर में भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी के दर्शन किए थे। इस दौरान उन्होंने मंदिर की सदियों पुरानी परंपरा का पालन करते हुए अपने बाल भगवान को समर्पित किए। अनंत अंबानी अपनी धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक यात्राओं को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। इससे पहले भी वह जामनगर से द्वारकाधीश मंदिर तक करीब 140 किलोमीटर की पदयात्रा कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने नागेश्वर ज्योतिर्लिंग में रुद्राभिषेक और दुग्धाभिषेक भी किया था।

