Liver-Kidney को चुपचाप खराब कर रहा अखबार , जानें कैसे?
punjabkesari.in Friday, Jun 19, 2026 - 07:53 PM (IST)
नारी डेस्क : बारिश और सर्दियों के मौसम में गरमा-गरम समोसे, पकौड़े और कचौड़ी खाना लगभग हर किसी को पसंद होता है। लेकिन अगर ये खाने की चीजें अखबार या किसी सामान्य कागज में लिपटे हुए हैं, तो आपकी यह छोटी-सी आदत सेहत के लिए बड़ा खतरा बन सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार, गर्म भोजन के संपर्क में आने पर अखबार की स्याही और उसमें मौजूद हानिकारक रसायन खाने में मिल सकते हैं, जो लंबे समय में शरीर को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
अखबार में खाना लपेटना क्यों है खतरनाक?
कई दुकानदार पैकेजिंग का खर्च बचाने के लिए समोसे, पकौड़े और अन्य खाद्य पदार्थ अखबार में परोस देते हैं। इतना ही नहीं, कई घरों में भी तेल सोखने के लिए अखबार या पुराने कागज का इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि यह आदत स्वास्थ्य के लिए हानिकारक साबित हो सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि नुकसान सिर्फ स्याही से ही नहीं, बल्कि अखबार के कई लोगों के संपर्क में आने से भी हो सकता है। छपाई से लेकर वितरण तक अखबार अनेक सतहों और हाथों के संपर्क में आता है, जिससे उस पर बैक्टीरिया और अन्य जीवाणु मौजूद हो सकते हैं।

अखबार की स्याही में छिपा है खतरा
अखबार की छपाई में इस्तेमाल होने वाली स्याही में लेड (Lead), क्रोमियम (Chromium) और कैडमियम (Cadmium) जैसी हानिकारक भारी धातुएं मौजूद हो सकती हैं। जब गरम या तेल वाली भोजन सीधे अखबार के संपर्क में आता है, तो ये रसायन खाने में मिल सकते हैं। लंबे समय तक ऐसे भोजन का सेवन करने से ये तत्व धीरे-धीरे शरीर में जमा होने लगते हैं, जिससे लीवर, किडनी और अन्य अंगों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। यही वजह है कि डॉक्टर भोजन को कभी भी अखबार में लपेटकर खाने से बचने की सलाह देते हैं।
यें भी पढ़ें : पैरों पर दिख रहे हैं ये संकेत तो नसों की बीमारी के हो सकते हैं लक्षण, एक्सपर्ट ने दी चेतावनी
लीवर और किडनी को हो सकता है नुकसान
विशेषज्ञों के अनुसार, ये हानिकारक रसायन समय के साथ शरीर के अंगों के आसपास जमा हो सकते हैं।
अधिक मात्रा में जमा होने पर यह लीवर को नुकसान पहुंचा सकते हैं
किडनी की कार्यक्षमता प्रभावित कर सकते हैं
शरीर के अन्य महत्वपूर्ण अंगों पर भी असर डाल सकते हैं
इसके अलावा, लेड जैसी भारी धातुएं गर्भवती महिलाओं और गर्भ में पल रहे शिशु के विकास के लिए भी हानिकारक मानी जाती हैं।

गरम भोजन में क्यों बढ़ जाता है जोखिम?
जब गर्म, तला हुआ या तेलयुक्त भोजन सीधे अखबार पर रखा जाता है, तो गर्मी और नमी के कारण स्याही में मौजूद रसायन भोजन में घुलने लगते हैं। यही वजह है कि विशेषज्ञ किसी भी प्रकार का गरम खाना अखबार में रखने या परोसने से बचने की सलाह देते हैं।
यें भी पढ़ें : कंधे का दर्द नहीं है मामूली! 2 हफ्तों से ज्यादा रहे तो तुरंत कराएं जांच
भोजन रखने के लिए क्या इस्तेमाल करें?
खाद्य पदार्थों को सुरक्षित रखने के लिए इन विकल्पों का इस्तेमाल बेहतर माना जाता है
फूड-ग्रेड बटर पेपर
फूड-ग्रेड पैकेजिंग सामग्री
केले का पत्ता या फूड-सेफ पेपर बैग।
अगर किसी कारण से बाहरी कागज का उपयोग करना पड़े, तो भोजन और कागज के बीच बटर पेपर या केले का पत्ता जरूर रखें ताकि भोजन का सीधा संपर्क अखबार से न हो।

अखबार में लिपटे गरमा-गरम समोसे या पकौड़े भले ही स्वादिष्ट लगें, लेकिन यह आदत आपकी सेहत पर भारी पड़ सकती है। इसलिए अगली बार जब आप कोई गर्म खाद्य पदार्थ खरीदें, तो इस बात का ध्यान रखें कि वह फूड-ग्रेड पैकेजिंग में ही दिया जाए।

