Sana Khan अब कर रही हैं इस्लाम की पढ़ाई, शौहर की सलाह पर लिया मदरसे में दाखिला
punjabkesari.in Wednesday, Apr 08, 2026 - 03:35 PM (IST)
नारी डेस्क: बॉलीवुड की पूर्व एक्ट्रेस Sana Khan एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनका कोई फिल्मी प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि उनका आध्यात्मिक सफर है। सना खान इन दिनों इस्लाम को गहराई से समझने के लिए मदरसे में पढ़ाई कर रही हैं। खास बात यह है कि इस फैसले के पीछे उनके शौहर का अहम रोल है।इस्लाम को समझने के लिए कर रही हैं पढ़ाई बता दे कि सना खान ने हाल ही में अपने यूट्यूब पॉडकास्ट में बताया कि उन्होंने एक मदरसे में दाखिला लिया है और अब वह इस्लाम की पढ़ाई कर रही हैं। उनका कहना है कि हर इंसान की जिंदगी में एक अच्छा शिक्षक या मेंटॉर होना बहुत जरूरी होता है, जो सही दिशा दिखा सके। वह इस वक्त ऑनलाइन माध्यम से अपनी पढ़ाई पूरी कर रही हैं और धर्म को गहराई से समझने की कोशिश कर रही हैं।
शौहर की सलाह पर लिया यह फैसला
सना ने बातचीत के दौरान बताया कि उनके शौहर Mufti Anas Syed उन्हें हमेशा कुछ नया सीखने और पढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। इसी प्रेरणा के चलते उन्होंने मदरसे में दाखिला लिया। सना के मुताबिक, उनके शौहर का सपोर्ट उनके इस आध्यात्मिक सफर में बहुत महत्वपूर्ण है।
ग्लैमर इंडस्ट्री को कह चुकी हैं अलविदा
सना खान ने अक्टूबर 2020 में अचानक बॉलीवुड और ग्लैमर इंडस्ट्री छोड़ने का फैसला लिया था। उनके इस फैसले ने फैंस को चौंका दिया था। उन्होंने कहा था कि अब वह शोबिज से दूर रहकर इंसानियत की सेवा करना चाहती हैं और अपने धर्म के बताए रास्ते पर चलना चाहती हैं। उनका मानना है कि असली जिंदगी सिर्फ पैसे और शोहरत कमाने के लिए नहीं, बल्कि आगे की जिंदगी (आखिरत) को बेहतर बनाने के लिए होती है। सना ने यह भी साफ किया था कि यह फैसला उन्होंने किसी दबाव में नहीं, बल्कि अपनी मर्जी से लिया है।
ये भी पढ़ें: करिश्मा तन्ना से दिव्यांका त्रिपाठी तक,टीवी की इन 5 एक्ट्रेसेस के घर इस साल गूंजेगी किलकारी
सोशल मीडिया पर भी दिखता है बदला अंदाज
अब सना खान का लाइफस्टाइल पूरी तरह बदल चुका है। वह अक्सर हिजाब में नजर आती हैं और सोशल मीडिया पर धर्म और अच्छी बातों से जुड़े पोस्ट शेयर करती रहती हैं। वह अपने फैंस के साथ सकारात्मक और आध्यात्मिक संदेश साझा करती हैं, जिसे लोग काफी पसंद भी करते हैं।
फैमिली लाइफ और करियर
सना खान अब दो बच्चों की मां हैं। उनके बड़े बेटे का नाम तारिक जमील है, जबकि छोटे बेटे का नाम सैयद हसन जमील है। अगर उनके करियर की बात करें, तो सना ने बॉलीवुड के अलावा तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम फिल्मों में भी काम किया है। वह Salman Khan के साथ फिल्म जय हो में नजर आ चुकी हैं। इसके अलावा वजह तुम हो और टॉयलेट: एक प्रेम कथा जैसी फिल्मों में भी उनका काम देखा गया। टीवी की दुनिया में भी उन्होंने बिग बॉस 6 और फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी 6 जैसे शो में हिस्सा लिया, जबकि वेब सीरीज स्पेशल OPS में भी दिखाई दीं। सना खान का यह सफर दिखाता है कि जिंदगी में कभी भी बदलाव लाया जा सकता है। ग्लैमर की दुनिया छोड़कर आध्यात्मिक रास्ता चुनना और अब धर्म की पढ़ाई करना उनके नए जीवन का हिस्सा बन चुका है।
उनकी यह यात्रा कई लोगों के लिए प्रेरणा भी बन रही है, जहां वह खुद को समझने और एक अलग रास्ते पर आगे बढ़ने की कोशिश कर रही हैं।

