CBSE 10th में टॉप करने वालों को खास सलाह - अभी बहुत आगे जाना है इसे आखिरी सफर ना समझो

punjabkesari.in Friday, Apr 17, 2026 - 07:00 PM (IST)

नारी डेस्क: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने भले ही 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए मेधा सूची जारी करना बंद कर दिया हो, लेकिन स्कूल अब भी अपने 'टॉपर' छात्रों के लिए जश्न मना रहे हैं, साथ ही सभी छात्रों को यह सलाह भी दे रहे हैं कि वे इन परिणामों को अपनी अंतिम मंजिल न मानें। इस सप्ताह घोषित परिणामों के अनुसार, 93.70 प्रतिशत से अधिक छात्रों ने 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा पास की, जिनमें से 55,000 से अधिक छात्रों ने 95 प्रतिशत से ज्यादा अंक हासिल किए।


बच्चों की मेहनत रंग लाई

 'जयपुरिया ग्रुप ऑफ एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस' के चेयरमैन शिशिर जयपुरिया के अनुसार, इस बार परिणाम तय समय से लगभग एक महीने पहले जारी किए गए हैं, ताकि छात्रों को अपने भविष्य की तैयारी के लिए अधिक समय मिल सके। उन्होंने कहा- "यह जानकर खुशी होती है कि 10वीं कक्षा के हमारे सभी छात्र बोर्ड परीक्षा में सफल रहे, जिनमें सर्वाधिक अंक 99.6 प्रतिशत और स्कूल का औसत लगभग 90 प्रतिशत रहा। छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों की मेहनत रंग लाई है। हम बच्चों से कहना चाहते हैं कि परीक्षा में सफलता सराहनीय है, लेकिन यह अंतिम मंजिल नहीं है। समाज के लिए महत्वपूर्ण बनना ही असली लक्ष्य है।" 


भविष्य के तैयार हो रहे बच्चे

नोएडा स्थित शिव नादर स्कूल की प्रिंसिपल अंजू सोनी ने कहा कि यह सफलता केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता ही नहीं, बल्कि भविष्य के लिए तैयार होने और समग्र विकास को भी दर्शाती है। उन्होंने छात्रों से कहा-"छात्र नये शैक्षणिक मार्गों की ओर बढ़ रहे हैं, ऐसे में हम आपसे आग्रह करते हैं कि आप जिज्ञासा और ईमानदारी की भावना बनाए रखें। आप एक गतिशील दुनिया में आने वाली चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार हैं।" पुणे स्थित बिलबोंग हाई इंटरनेशनल स्कूल की सीनियर प्रिंसिपल अदिति मुखर्जी ने कहा- "परीक्षा परिणाम दिवस स्कूल कैलेंडर के सबसे महत्वपूर्ण दिनों में से एक होता है। इस दिन पूरे शैक्षणिक वर्ष की रणनीति, त्याग, परामर्श और सामूहिक विश्वास का परिणाम सामने आता है।" उन्होंने कहा- "यह सिर्फ परिणाम नहीं है; यह हर एक छात्र के साथ साल भर की अथक मेहनत का फल है। मुझे अपने शिक्षकों और छात्रों दोनों पर गर्व है। समर्पित शिक्षक हर छात्र पर अपना सबकुछ लगा देता है, ताकि कोई भी छात्र इस यात्रा में अकेला महसूस न करे। छात्र भी उस अपेक्षा पर खरे उतरते हैं।'' 


93.70 प्रतिशत छात्र हुए पास

सीबीएसई ने बुधवार को घोषणा की कि 93.70 प्रतिशत से अधिक छात्रों ने 10वीं की बोर्ड परीक्षा पास की, जिनमें 55,000 से अधिक छात्रों ने 95 प्रतिशत से ज्यादा अंक प्राप्त किए। इस वर्ष कक्षा 10 की परीक्षा में 2.20 लाख से अधिक छात्रों ने 91 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए। छात्राओं ने एक बार फिर छात्रों से बेहतर प्रदर्शन किया। इस परीक्षा में 94.99 प्रतिशत छात्राएं और 92.69 प्रतिशत छात्र कामयाब रहे। 'ट्रांसजेंडर' छात्रों का पास प्रतिशत 87.50 रहा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vasudha

Related News

static