200 साल पुराने दरवाजे से लेकर मटकों की छत तक, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ यह देसी अंदाज़ में बना घर

punjabkesari.in Monday, May 05, 2025 - 05:47 PM (IST)

नारी डेस्क: आजकल टेक्नोलॉजी बहुत तेजी से बदल रही है। घर बनाने की प्रक्रिया भी अब पहले जैसी नहीं रही। अब बड़ी-बड़ी मशीनों का इस्तेमाल होता है, और घर के डिजाइन में भी काफी यूनिक आइडियाज़ देखने को मिलते हैं। चाहे वह छत की बनावट हो या दीवारों की सजावट हर चीज़ में मॉर्डन टच होता है। लेकिन एक समय था जब घर प्राकृतिक चीजों से बनाए जाते थे। उस समय की तकनीक आज भी लोगों को आकर्षित करती है क्योंकि वह न सिर्फ खूबसूरत होती थी, बल्कि वातावरण के अनुसार घर का तापमान भी मेंटेन करती थी। आज भी कुछ लोग ऐसे हैं जो पुराने तरीकों को अपनाकर अपना घर बनाते हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे शिल्पा और नितिन भी ऐसे ही कपल हैं, जिन्होंने पुराने और प्राकृतिक तरीके से अपना घर बनवाया है।

शिल्पा और नितिन का खास घर – “सत चित”

यह खूबसूरत घर इंस्टाग्राम अकाउंट ‘मोहन शेंडगे’ पर शेयर किया गया है। वीडियो में इस कपल के घर की हर खास बात दिखाई गई है। उन्होंने अपने घर का नाम रखा है "सत चित", जो उनके विचारों और जीवनशैली को दर्शाता है। यह घर न सिर्फ ईको-फ्रेंडली है बल्कि इसमें पारंपरिक भारतीय निर्माण तकनीकों का भी इस्तेमाल किया गया है। यह घर हर किसी के लिए प्रेरणा बनता जा रहा है।

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by Mohan Shendage (@mohanshendage007)

घर की पहली झलक ही मन को शांति देने वाली है। जैसे ही आप घर के पास पहुंचते हैं, सबसे पहले आपको दरवाजे पर तुलसी का पौधा नजर आता है। इसके सामने एक मिट्टी से बनी दीवार है, जिसमें हाथों से बनी आर्ट दिखाई देती है। खास बात यह है कि इस दीवार को सजाने के लिए पुरानी कांच की बोतलों का इस्तेमाल किया गया है, जिससे एक सुंदर लाइटिंग इफेक्ट मिलता है। यह डिजाइन न सिर्फ सुंदर है, बल्कि यह पर्यावरण के लिए भी अच्छा है क्योंकि इसमें रिसाइकलिंग का प्रयोग किया गया है।

ये भी पढ़े: 5 स्टार होटल से कम नहीं सलमान की बहन अर्पिता का घर, फराह खान भी रह गईं दंग

पत्थर की दीवारें जो गर्मी से राहत देती हैं

घर में स्टोन वॉल्स यानी पत्थरों से बनी दीवारें हैं। इन पत्थरों की मोटाई इतनी ज्यादा है कि गर्मियों में घर के अंदर ज्यादा गर्मी महसूस नहीं होती। यह एक बहुत ही पुरानी तकनीक है जो घर को ठंडा रखने में मदद करती है।

लकड़ी का दरवाजा और अंदर बना छोटा ब्रिज

घर का मुख्य दरवाजा लकड़ी का बना है और उसे सुंदर नीले रंग से रंगा गया है। जैसे ही आप घर के अंदर प्रवेश करते हैं, आपको एक छोटा सा लकड़ी का ब्रिज दिखाई देता है। इस ब्रिज के पास प्राकृतिक पौधे लगाए गए हैं और एक पंप के जरिए यहां पानी भी बहता है, जिससे एक बहुत ही शांत और सुंदर माहौल बनता है। घर के अंदर बनी मिट्टी की दीवारों पर दक्षिण भारत का कोलम डिजाइन बनाया गया है, जो एक पारंपरिक रंगोली का रूप है। साथ ही दीवारों को मधुबनी आर्ट से सजाया गया है, जो बिहार की पारंपरिक चित्रकला है। इससे घर को एक देसी और सांस्कृतिक अहसास मिलता है।

राजस्थान से आया 200 साल पुराना दरवाजा

शिल्पा और नितिन के घर की सबसे खास बात यह है कि इसमें एक करीब 200 साल पुराना गोल्डन दरवाजा लगाया गया है। शिल्पा बताती हैं कि यह दरवाजा उनके रिश्तेदारों ने राजस्थान से भिजवाया है। इस दरवाजे के ठीक ऊपर उन्होंने गिलास की छत बनवाई है, जिससे सूरज की रोशनी घर के अंदर आ सके। इससे घर दिनभर रोशनी से भरपूर रहता है।

PunjabKesari

मटकों से बनी छत जो तापमान को बैलेंस करती है

घर की छत बनाने के लिए एक बेहद यूनिक और देसी तकनीक अपनाई गई है। यहां मटकों को उल्टा रखकर छत बनाई गई है। इस तकनीक से गर्मी और सर्दी दोनों मौसमों में घर का तापमान संतुलित बना रहता है। यह एक शानदार देसी तरीका है जो अब फिर से लोकप्रिय हो रहा है।

प्राकृतिक लकड़ी से बना डाइनिंग टेबल और किचन

घर में रखा डाइनिंग टेबल प्राकृतिक लकड़ी से बना है, जिसे कटवाया नहीं गया है। यह नेचुरल शेप में ही रखा गया है, जो इसे यूनिक बनाता है। किचन में भी एक बड़ा लकड़ी का टुकड़ा लगाया गया है, जिससे नेचुरल लुक आता है। हालांकि कैबिनेट्स को मॉर्डन लुक दिया गया है, लेकिन बर्तनों में मिट्टी और पीतल का इस्तेमाल पारंपरिक तरीके को दर्शाता है।

बिजली के लिए सोलर सिस्टम का इस्तेमाल

शिल्पा और नितिन ने अपने घर में बिजली के लिए सोलर एनर्जी सिस्टम लगाया है। इससे न सिर्फ बिजली की बचत होती है, बल्कि यह पर्यावरण के लिए भी बेहतर है।

यह घर न सिर्फ देखने में खूबसूरत है, बल्कि इसके पीछे की सोच और मेहनत भी उतनी ही खास है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

PRARTHNA SHARMA

Related News

static