90s फैशन की वापसी से Levi's को मिला नया जीवन, पुराने स्टाइल की फिर बढ़ी डिमांड
punjabkesari.in Monday, Oct 05, 2026 - 11:47 AM (IST)
नारी डेस्क: 90 के दशक का फैशन एक बार फिर लोगों के बीच लौट आया है। उस दौर के लो-राइज जींस, ढीले फिट, लेदर जैकेट और बेबी टीज जैसे स्टाइल आज की फैशन दुनिया में दोबारा ट्रेंड कर रहे हैं। इसका सीधा फायदा मशहूर डेनिम ब्रांड Levi's को मिल रहा है। कभी 90s के फैशन का अहम हिस्सा रहे Levi's के जींस की बिक्री कुछ सालों तक धीमी पड़ गई थी, लेकिन अब पुराने स्टाइल की बढ़ती पसंद ने ब्रांड को दोबारा चर्चा में ला दिया है।
पुराने Levi's स्टाइल की फिर बढ़ी मांग
Levi's अब अपने पुराने लोकप्रिय डिजाइनों को नए अंदाज में पेश कर रहा है। कंपनी अपने पुराने कलेक्शन से प्रेरणा लेकर ऐसे जींस तैयार कर रही है, जिनमें 90 के दशक वाला लुक नजर आता है। इनमें 501 '90s और Wedgie Bootcut जैसे फिट शामिल हैं। लो-राइज जींस की बढ़ती लोकप्रियता भी कंपनी के लिए अच्छी खबर है। Levi's के मुताबिक, उसके कारोबार में लो-राइज जींस की मांग तेजी से बढ़ रही है। खासकर युवा ग्राहक पुराने दौर के ढीले और विंटेज लुक को पसंद कर रहे हैं।

'Love Story' से भी बढ़ी 517 जींस की चर्चा
Levi's के पुराने 517 जींस को भी हाल में काफी attention मिला। 'Love Story' नाम के चर्चित शो में इस तरह के जींस नजर आने के बाद महिलाओं ने कंपनी की वेबसाइट पर 517 जींस को काफी सर्च किया। कंपनी ने इस बढ़ती दिलचस्पी को देखते हुए महिलाओं के लिए भी ऐसे डिजाइन पेश किए हैं, जो पुराने पुरुषों के स्टाइल से प्रेरित हैं, लेकिन महिलाओं की बॉडी के हिसाब से बेहतर फिट दिए गए हैं।
अब सिर्फ जींस तक सीमित नहीं रहना चाहता ब्रांड
Levi's अब खुद को सिर्फ जींस बनाने वाली कंपनी तक सीमित नहीं रखना चाहता। कंपनी 90s के दूसरे लोकप्रिय फैशन आइटम भी अपने कलेक्शन में शामिल कर रही है। इनमें स्लिप ड्रेस, लेदर जैकेट और बेबी टीज जैसे कपड़े शामिल हैं। कंपनी का मकसद ग्राहकों को सिर से पैर तक पूरा लुक देना है। यानी ग्राहक अगर जींस खरीदने वेबसाइट पर आता है, तो उसे उसी स्टाइल से जुड़े दूसरे कपड़े और एक्सेसरीज भी आसानी से मिल सकें।
ये भी पढ़ें: सिर्फ दो चीजों से बनाई दूरी और घटाया 45 किलो वजन! सारा अली खान की Fitness Journey से सीखें
कभी 90s का सबसे बड़ा फैशन स्टेपल था Levi's
1853 में शुरू हुआ Levi's लंबे समय तक मुख्य रूप से पुरुषों के डेनिम कारोबार के लिए जाना जाता था। कंपनी की 501 जींस को खास पहचान मिली और 90 के दशक में यह स्ट्रीट फैशन का बड़ा हिस्सा बन गई। उस दौर में Kate Moss, Princess Diana और Steve Jobs जैसी मशहूर हस्तियों के साथ-साथ 'Friends' जैसे लोकप्रिय शो के कलाकार भी Levi's पहनते नजर आए। उस समय कई लोग जींस को जानबूझकर थोड़ा बड़ा साइज लेकर पहनते थे, जिससे लो-राइज जैसा लुक मिलता था।
फिर क्यों कम हुई Levi's की बिक्री
समय के साथ फैशन ट्रेंड बदलने लगे। अल्ट्रा-लो-राइज, स्ट्रेची जींस और प्रीमियम डेनिम का चलन बढ़ा, जिससे Levi's के पारंपरिक रigid डेनिम की मांग प्रभावित हुई। इसके अलावा कंपनी लंबे समय तक डिपार्टमेंट स्टोर और दूसरे रिटेलर्स पर काफी निर्भर रही, जबकि दूसरी कंपनियों ने तेजी से ऑनलाइन बिक्री पर ध्यान देना शुरू कर दिया। इसका असर Levi's के कारोबार पर भी पड़ा।

अब कारोबार में दिख रहा सुधार
अब कंपनी अपने पुराने स्टाइल की लोकप्रियता और ऑनलाइन बिक्री दोनों का फायदा उठा रही है। Levi's अपनी वेबसाइट और ब्रांडेड स्टोर्स के जरिए सीधे ग्राहकों तक पहुंचने पर जोर दे रहा है। कंपनी की बिक्री में भी सुधार देखने को मिला है। वित्त वर्ष की पहली छमाही में कंपनी का राजस्व 11 फीसदी से ज्यादा बढ़कर करीब 3.3 अरब डॉलर पहुंच गया। कंपनी ने अपने पूरे साल के कारोबार के अनुमान को भी दो बार बढ़ाया है।
ब्रांडेड स्टोर्स पर बड़ा दांव
Levi's की वापसी के बावजूद कंपनी के सामने कुछ चुनौतियां भी हैं। मार्केटिंग पर बढ़ता खर्च, टैरिफ और ऑर्डर की डिलीवरी से जुड़ी लागत मुनाफे पर दबाव डाल रही है। इसके अलावा कंपनी अपने ब्रांडेड स्टोर्स का नेटवर्क बढ़ा रही है। विश्लेषकों का मानना है कि यह रणनीति जोखिम भरी हो सकती है, क्योंकि स्टोर्स की सफलता के लिए सही जगह, बेहतर मर्चेंडाइजिंग और ग्राहकों की लगातार खरीदारी जरूरी होगी। फिलहाल 90s फैशन की वापसी Levi's के लिए एक बड़ा मौका बनकर सामने आई है। पुराने स्टाइल को नए अंदाज में पेश करके कंपनी एक बार फिर फैशन की मुख्यधारा में अपनी जगह मजबूत करने की कोशिश कर रही है।

