दिल्ली में AC ब्लास्ट से दर्दनाक हादसा, लगी भीषण आग, 9 लोगों की मौत

punjabkesari.in Sunday, May 03, 2026 - 10:00 AM (IST)

नारी डेस्क:गर्मी के मौसम में AC से जुड़े हादसे अक्सर सामने आते हैं, लेकिन दिल्ली के विवेक विहार में रविवार सुबह हुआ यह मामला बेहद दर्दनाक साबित हुआ। एक फ्लैट में एसी में हुए धमाके ने कुछ ही पलों में चार मंजिला रिहायशी इमारत को आग की लपटों में घेर लिया। देखते ही देखते आग पूरी बिल्डिंग में फैल गई और वहां मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कई लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं और उनका इलाज अस्पताल में जारी है। यह घटना एक बार फिर गर्मी के मौसम में बिजली के उपकरणों के इस्तेमाल को लेकर सतर्क रहने की जरूरत को उजागर करती है।

एसी ब्लास्ट से फैली आग ने लिया विकराल रूप

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इमारत की दूसरी मंजिल पर लगे एसी में विस्फोट हुआ था। इस धमाके के बाद आग तेजी से फैलते हुए तीसरी मंजिल तक पहुंच गई। आग इतनी भयानक थी कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कई लोग जान बचाने के लिए छत की ओर भागे, लेकिन दुर्भाग्यवश छत का दरवाजा बंद होने के कारण वे बाहर नहीं निकल सके।

येे भी पढ़ें: 35 के बाद महिलाओं की हड्डियां क्यों हो जाती कमजोर?

रेस्क्यू ऑपरेशन में निकाले गए लोग, 9 की मौत

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 14 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। घने धुएं और तेज लपटों के बीच फायरकर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए 12 से ज्यादा लोगों को बाहर निकाला। हालांकि, इस हादसे में 9 लोगों की जान चली गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। स्थानीय निवासी रोहित ने बताया कि सुबह अचानक जोरदार धमाके की आवाज आई। जब वे बाहर निकले तो पास की इमारत में आग की लपटें उठती दिखीं। उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को आवाज लगाकर मदद के लिए बुलाया और पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। देखते ही देखते पूरा इलाका अफरा-तफरी में बदल गया।

शवों की हालत बेहद खराब, पहचान मुश्किल

इस हादसे में जिन लोगों की मौत हुई है, उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है क्योंकि कई शव बुरी तरह जल चुके हैं। बताया जा रहा है कि कुछ शव बिस्तर पर ही मिले, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उन्हें संभलने का मौका भी नहीं मिला।
पुलिस जांच में जुटी, कारणों की पड़ताल जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर एसी ब्लास्ट को हादसे की वजह माना जा रहा है, लेकिन अन्य संभावनाओं को भी खंगाला जा रहा है।

  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static