दिल्ली के पालम में बड़ा हादसा, 3 बच्चियाें समेत जिंदा जले एक ही परिवार के 9 लोग

punjabkesari.in Wednesday, Mar 18, 2026 - 03:08 PM (IST)

नारी डेस्क:  दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार सुबह एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में आग लगने से तीन बच्चों सहित एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में तीन लोग घायल हो गए जिनमें से दो लोगों ने आग से बचने के लिए इमारत से छलांग लगाई थी। यह इमारत पालम मेट्रो स्टेशन के पास राम चौक मार्केट में है। यह इमारत पांच मंजिला है, जिसमें भूतल और पहली मंजिल पर कपड़े तथा सौंदर्य प्रसाधन का शोरूम था, जबकि शोरूम के मालिक राजेंद्र कश्यप का परिवार दूसरी और तीसरी मंजिल पर रहता था।

PunjabKesari

 पालम गांव थाने को सुबह सात बजकर चार मिनट पर इमारत में आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची। इमारत से बाहर निकाले गए लोगों में से नौ को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों की पहचान प्रवेश (33), कमल (39), आशु (35), लाडो (70), हिमांशी (22), दीपिका (28) और तीन नाबालिग लड़कियों के रूप में हुई हैं। नाबालिग लड़कियों की उम्र 15, छह और तीन साल थी। इस घटना में 25 प्रतिशत झुलस गए सचिन (29) का सफदरजंग में इलाज किया जा रहा है जबकि अनिल (32) और दो वर्षीय बच्ची का भी एपचार हो रहा है। 

PunjabKesari

एक व्यापक अग्निशमन और बचाव अभियान के तहत पुलिस, बीएसईएस, वायुसेना पुलिस और एनडीआरएफ के कर्मियों के साथ लगभग 30 दमकल गाड़ियां और 11 एम्बुलेंस सेवा में लगाई गईं हैं। घटनास्थल से प्राप्त दृश्यों में देखा जा सकता है कि इमारत से काले धुएं के घने गुबार उठ रहे हैं, जबकि आग की लपटों ने इमारत के कुछ हिस्सों को अपनी चपेट में लिया है। ऐसे में अग्निशमन दल को भीड़ वाले बाजार क्षेत्र में आग बुझाने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। अधिकारियों ने बताया कि दमकल कर्मियों ने संकरी गलियों और धुएं से भरे अंदरूनी हिस्सों से होते हुए फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया। आग पर काबू पा लिया गया है। पुलिस ने बताया कि इलाके में घेराबंदी कर दी गई है और घटनास्थल का मुआयना करने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vasudha

Related News

static