जबलपुर क्रूज हादसा: आखिरी सांस तक नहीं छोड़ा बच्चे का साथ, सीने से चिपका मिला मां-बेटे का शव
punjabkesari.in Friday, May 01, 2026 - 11:57 AM (IST)
नारी डेस्क: बरगी बांध में डूबी हुई क्रूज बोट के अंदर से मां- बेटे का शव मिला जिसे देख अर्धसैनिक बल की गोताखोर टीम भी भावुक हो गई। यह महिला उस दुर्भाग्यपूर्ण क्रूज बोट पर सवार थी जो मध्य प्रदेश के बरगी बांध में पलट गई थी। महिला अपने बच्चे को आखिरी बार कसकर गले लगाए हुए थी। जरा सोचिए इस मां के आखिरी पल कितनी दर्दनाक होंगे जो अपनी आंखों के आगे अपने बच्चे को मरता देख रही थी। बेबस मां चाहकर भी अपने बच्चे को बचा नहीं पाई और दोनों ने एक साथ दम तोड़ दिया।

गुरुवार शाम अचानक आए तूफान के बाद जबलपुर जिले के बरगी बांध में एक क्रूज बोट पलटने और डूबने से अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 22 लोगों को बचा लिया गया है। बचाव दल के एक गोताखोर ने बताया- "शुरुआत में हमें मलबे से महिला का शव निकालने में काफी मुश्किल हुई। बाद में हमें पता चला कि वह अपने बच्चे को कसकर पकड़े हुए थी, और उन्हें अलग करना बहुत मुश्किल था। इस दृश्य को देखकर हमारी पूरी टीम बहुत भावुक हो गई।"

गोताखोर ने बताया कि वहां की स्थितियां बेहद चुनौतीपूर्ण थीं जगह की कमी, टूटी-फूटी संरचनाएं और कम दृश्यता (देखने में दिक्कत) के कारण बचाव अभियान में बाधा आ रही थी। टीम को बार-बार टूटी हुई संरचनाओं और लोहे की छड़ों का सामना करना पड़ रहा था, जिनमें उनके उपकरण फंस रहे थे। उन्होंने बताया कि कुछ जगहों पर, खोजबीन करने के लिए टीम को बहुत ही संकरे रास्तों से होकर गुजरना पड़ा। एक समय तो ऐसा भी आया, जब एक गोताखोर वहीं फंस गया था और उसे बड़ी मुश्किल से बाहर निकालना पड़ा। बचावकर्ताओं के अनुसार, यह अभियान काफी खतरनाक हो गया था, क्योंकि बोट की संरचना दोनों तरफ से पूरी तरह से ढह चुकी थी। अंदर लगी लोहे की जालियों (grilles) के कारण अंदर आने-जाने के रास्ते बेहद संकरे और जोखिम भरे हो गए थे।

