फिर मेरठ जैसा कांड! नीले ड्रम में मिला लड़की का शव, हाथ के टैटू ने खोली पोल
punjabkesari.in Thursday, May 28, 2026 - 10:34 AM (IST)
नारी डेस्क: मेरठ का नीले ड्रम वाला कांड तो सभी को याद होगा, जिसमें एक शख्स का शव मिला था जिसे उसकी ही पत्नी ने मार कर इसमें छिपा दिया था। अब पंजाब के पटियाला में नीले ड्रम ने दहशत फैला दी। यहां नीले रंग के प्लास्टिक के ड्रम के भीतर एक महिला का शव बरामद हुआ है। मृतका के चेहरे पर चोट के हल्के निशान पाए गए और उसके हाथ पर दो टैटू भी बने हुए थे।
यह भी पढ़ें: भीषण गर्मी से बचने शिमला की तरह भागे लोग, 3 दिन में 70 हजार गाड़ियों ने मारी यहां एंट्री
पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान पटियाला की गोपाल कॉलोनी निवासी नेहा (25) के रूप में हुई है। मृतका के परिजनों ने बुधवार दोपहर थाना पुलिस से संपर्क किया और सोशल मीडिया पर तस्वीरें देखने के बाद शव की शिनाख्त की। पुलिस ने बताया कि मंगलवार को 100 लीटर की क्षमता वाले एक प्लास्टिक ड्रम से शव बरामद किया गया थाे जो लाल रंग के कपड़े से ढका हुआ था। पीड़िता के एक हाथ पर 'नेहा' और दूसरे हाथ पर दिल के आकार का टैटू बना हुआ था, जिसमें अंग्रेजी के अक्षर 'एन' और 'ए' लिखे थे।
यह भी पढ़ें: फिल्म जगत से आई बेहद बुरी खबर, मशहूर फिल्ममेकर की छत से गिरने से हुई मौत
पुलिस ने बताया कि शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस का एक दल तुरंत मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर पटियाला के राजकीय राजेंद्र अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। पुलिस ने स्थानीय स्तर पर दो युवकों को हिरासत में लिया है, जिन्हें अक्सर पीड़िता के साथ देखा जाता था और वे कथित तौर पर मादक पदार्थों के आदी हैं। जांच अधिकारी फिलहाल दोनों युवकों से पूछताछ कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस हत्याकांड या शव को ठिकाने लगाने में उनकी कोई सीधी भूमिका है या नहीं। पुलिस ने कहा कि मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

