''जिंदा हूं मैं...'': जिस बाप ने बेटी को नहर में फेंका था, अब 2 महीने बाद जिंदा निकली लड़की

punjabkesari.in Monday, Dec 08, 2025 - 06:16 PM (IST)

नारी डेस्क: फिरोजपुर में दो महीने पहले एक नाबालिग लड़की को उसके पिता ने हाथ बांधकर नहर में फेंक दिया था। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिस ने तुरंत पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन अब चौंकाने वाली खबर आई है कि वह लड़की चमत्कारिक रूप से ज़िंदा मिली है।

लड़की ने खुद पुलिस को घटना बताई

फिरोजपुर के एसएसपी भूपिंदर सिंह ने पुष्टि की कि नाबालिग लड़की खुद पुलिस के सामने आई और उसने घटना के बारे में बताया। लड़की ने कहा कि उसके पिता ने ही उसे नहर में फेंका था। हालांकि, वह किसी सरिए से अटक गई और इसी वजह से उसकी जान बच गई। फिलहाल लड़की नाबालिग है और उसे मानयोग अदालत में पेश कर उसके बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

दो महीने का रहस्य

एसएसपी ने यह भी बताया कि लड़की दो महीनों तक कहां रही, इस बारे में वह अभी खुलासा नहीं करना चाहती। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और पूरी घटना की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।

लटकते सरिए ने बचाई जान

पीड़िता ने मीडिया को बताया कि जब उसके पिता ने उसे नहर में फेंका, तो उसका हाथ किसी लटकते सरिए से अटक गया। यही सरिया उसकी जान बचाने का कारण बना। लड़की ने आगे कहा कि अब वह अपने परिवार के साथ नहीं, बल्कि अपनी बुआ के साथ रहना चाहती है।

बुआ ने जताई खुशी

लड़की की बुआ ने अपनी भतीजी के ज़िंदा मिलने पर राहत और खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि अब वह सुरक्षित है और सब कुछ ठीक होगा। यह दर्दनाक घटना 2 अक्टूबर को हुई थी, जब पिता ने अपनी नाबालिग बेटी को हाथ बांधकर नहर में फेंका। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और पिता को गिरफ्तार कर लिया। अब लड़की के ज़िंदा मिलने के बाद मामला नया मोड़ ले चुका है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static