दिल्ली में निर्भया केस की तरह एक बार फिर चलती प्राइवेट बस में महिला से गैंगरेप!

punjabkesari.in Thursday, May 14, 2026 - 10:11 AM (IST)

  नारी डेस्क: दिल्ली एक बार फिर शर्मसार हो गई है। निर्भया कांड के 13 साल बाद राजधानी से इंसानियत को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। गुरुवार को एक महिला ने आरोप लगाया कि उसके साथ एक प्राइवेट बस में गैंगरेप किया गया। घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस हरकत में आई और तुरंत कार्रवाई करते हुए बस ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हुई बस को भी जब्त कर लिया है। इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं और पूरे देश में गुस्से का माहौल बना दिया है।

रानी बाग से बस में बैठी थी महिला

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता रानी बाग इलाके से प्राइवेट बस में सवार हुई थी। आरोप है कि बस में मौजूद ड्राइवर और कंडक्टर महिला को लेकर नांगलोई इलाके की तरफ गए। इसी दौरान दोनों ने महिला के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए पुलिस से संपर्क किया और पूरी घटना की जानकारी दी।

शिकायत मिलते ही हरकत में आई पुलिस

महिला की शिकायत के बाद रानी बाग थाने में तुरंत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने शुरुआती जांच और पूछताछ के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी। इसके अलावा घटना से जुड़े हर पहलू को ध्यान में रखते हुए सबूत जुटाए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें: फूड पॉइजनिंग बनी BJP नेता की मौत की वजह! कब मामूली लापरवाही बन सकती है जानलेवा

CCTV फुटेज और अन्य सबूत खंगाल रही पुलिस

जांच के दौरान पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही बस के रूट, लोकेशन और तकनीकी डेटा की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।

पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया

दिल्ली पुलिस के अनुसार, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। महिला के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है। इस घटना ने एक बार फिर दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर राजधानी में इस तरह की घटनाएं कब रुकेंगी। निर्भया कांड के बाद सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के कई दावे किए गए थे, लेकिन लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं उन दावों पर सवाल खड़े कर रही हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपियों से लगातार पूछताछ जारी है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static