क्या कुत्तों के कारण दिल्ली की सीएम पर हुआ हमला? सामने आई थप्पड़ मारने वाले की तस्वीर

punjabkesari.in Wednesday, Aug 20, 2025 - 11:50 AM (IST)

नारी डेस्क:  दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमले के आरोपी की पहचान राजेश खिमजी के रूप में की है, जो गुजरात के राजकोट का निवासी बताया जा रहा है। अधिकारी उसके दस्तावेजों के माध्यम से उसके नाम और पते की सत्यता की पुष्टि कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, आरोपी जेल में बंद अपने रिश्तेदार की रिहाई की गुहार लेकर जनसुनवाई में आया था, जिस दौरान उसने यह हरकत की।   


सरकार के फैसलों से नाराज था शख्स

शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमला करने वाला व्यक्ति एक डॉग लवर (कुत्तों से बेहद लगाव रखने वाला) है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी सरकार की कुछ नीतियों से खासा नाराज़ था, खासकर उन फैसलों से जो आवारा कुत्तों या पालतू जानवरों से जुड़े थे। उसकी नाराज़गी इतनी बढ़ गई कि उसने सीधे मुख्यमंत्री पर ही हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है और उससे पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि हमलावर की मानसिक स्थिति और उसके पीछे की वास्तविक मंशा को भी जांचा जा रहा है।


रेखा गुप्ता की हालत में हुआ सुधार 

इस बीच घटना के बाद दिल्ली पुलिस, मुख्य सचिव और मंत्री प्रवेश साहिब सिंह मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आवास पर पहुंचे। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले के बाद, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने बताया कि उनकी हालत "स्थिर" है और डॉक्टरों ने उनकी जांच की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एक "मज़बूत" महिला हैं और उन्होंने अपने कार्यक्रम रद्द नहीं किए हैं। सचदेवा ने बताया कि बुधवार सुबह जनसुनवाई के दौरान एक व्यक्ति उनके पास आया और उन्हें अपने दस्तावेज़ दिखाए। आरोपी ने मुख्यमंत्री गुप्ता को अपनी ओर खींचने की कोशिश की, जिसके बाद थोड़ी "धक्का-मुक्की" हुई।


सीएम से की आरोपी ने की धक्का-मुक्की

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया है और जांच जारी है। वीरेंद्र सचदेवा ने संवाददाताओं से कहा- "आज सुबह जनसुनवाई के दौरान, मुख्यमंत्री हमेशा की तरह जनता से बात कर रही थीं। एक व्यक्ति उनके पास आया, कुछ कागज़ दिए और अचानक उनका हाथ पकड़कर उन्हें अपनी ओर खींचने लगा। इस दौरान थोड़ी धक्का-मुक्की हुई...लोगों ने उसे पकड़ लिया। वह कौन है और पुलिस अन्य सभी जानकारियों की जांच कर रही है...मुख्यमंत्री की हालत स्थिर है। डॉक्टरों ने उनकी जांच की है। मुख्यमंत्री अभी आराम कर रही हैं, लेकिन उन्होंने कहा है कि वह अपने कार्यक्रम रद्द नहीं करेंगी।"


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vasudha

Related News

static