घर में एक से ज्यादा शीशे लगाना पड़ सकता है भारी! वास्तु के इन नियमों को न करें नजरअंदाज

punjabkesari.in Friday, Nov 27, 2026 - 06:50 PM (IST)

नारी डेस्क : घर में लगा आईना सिर्फ चेहरे और खूबसूरती देखने के काम नहीं आता, बल्कि वास्तु शास्त्र में इसे घर की ऊर्जा से भी जोड़कर देखा जाता है। यही वजह है कि घर में शीशा लगाते समय उसकी दिशा, आकार और जगह का खास ध्यान रखने की सलाह दी जाती है। कई लोग घर को खूबसूरत बनाने के लिए एक से ज्यादा बड़े-बड़े शीशे लगा लेते हैं, लेकिन वास्तु के अनुसार कुछ जगहों पर शीशा लगाना शुभ नहीं माना जाता। मान्यता है कि गलत दिशा में लगा आईना घर में तनाव और नकारात्मकता बढ़ा सकता है। ऐसे में आइए जानते हैं घर में शीशा लगाने से जुड़े जरूरी वास्तु नियम।

घर में कितने शीशे लगाने चाहिए?

वास्तु मान्यताओं के अनुसार, घर में बिना जरूरत बहुत ज्यादा शीशे लगाने से बचना चाहिए। हालांकि, शीशों की संख्या से ज्यादा उनकी सही जगह और दिशा महत्वपूर्ण मानी जाती है। अगर शीशे में तिजोरी, हरे-भरे पौधे या कोई सुंदर प्राकृतिक दृश्य दिखाई देता है, तो इसे शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इससे सकारात्मकता और समृद्धि बढ़ती है।

PunjabKesari

शीशा लगाने की सही दिशा

वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर में शीशा लगाने के लिए उत्तर और पूर्व दिशा को अच्छा माना जाता है। उत्तर दिशा का संबंध धन के देवता कुबेर से माना जाता है। ऐसे में इस दिशा में शीशा लगाने से धन और समृद्धि से जुड़ी सकारात्मक ऊर्जा बढ़ने की मान्यता है।

शीशे का आकार भी है जरूरी

घर के लिए आईना खरीदते समय उसके आकार पर भी ध्यान देना चाहिए। वास्तु के अनुसार, चौकोर और आयताकार आकार के शीशे सबसे अच्छे माने जाते हैं। इसके अलावा गोल और अष्टकोणीय आकार के आईने भी लगाए जा सकते हैं। वहीं, नुकीले और अनियमित आकार के शीशों से बचने की सलाह दी जाती है। बहुत बड़े शीशे लगाने के बजाय कमरे के हिसाब से मध्यम आकार का आईना चुनना बेहतर माना जाता है।

PunjabKesari

बेडरूम में शीशा लगाने से बचें

वास्तु शास्त्र के अनुसार, बेडरूम में शीशा ऐसी जगह नहीं लगाना चाहिए जहां सोते समय व्यक्ति का प्रतिबिंब उसमें दिखाई दे। मान्यता है कि ऐसा होने से पति-पत्नी के रिश्तों में तनाव और आपसी मतभेद बढ़ सकते हैं। अगर बेडरूम में शीशा लगाना जरूरी हो, तो उसे इस तरह लगाएं कि बिस्तर उसमें दिखाई न दे। इसके अलावा रात में शीशे को कपड़े से ढककर भी रखा जा सकता है।

घर में शीशा लगाते समय इन बातों का भी रखें ध्यान

मुख्य दरवाजे के सामने न लगाएं शीशा: वास्तु मान्यताओं के अनुसार, घर के मुख्य दरवाजे के ठीक सामने आईना लगाने से बचना चाहिए। माना जाता है कि इससे घर में प्रवेश करने वाली सकारात्मक ऊर्जा वापस लौट जाती है।
दो शीशे आमने-सामने न लगाएं: घर में दो आईनों को एक-दूसरे के बिल्कुल सामने लगाने से बचना चाहिए। वास्तु के अनुसार, इससे मानसिक बेचैनी और तनाव बढ़ सकता है।
टूटा हुआ शीशा तुरंत हटाएं: घर में टूटा या दरार वाला आईना रखना शुभ नहीं माना जाता। वास्तु मान्यताओं के अनुसार, इससे घर में नकारात्मकता और परेशानियां बढ़ सकती हैं।
अंधेरे कोनों में न लगाएं शीशा: घर के ऐसे कोनों में आईना लगाने से बचना चाहिए जहां पर्याप्त रोशनी न आती हो। वास्तु के अनुसार, शीशा हमेशा ऐसी जगह लगाना चाहिए जहां रोशनी अच्छी हो।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Monika

Related News

static