महिलाओं की पहचान मिटाने पर तुला तालिबान! नाम की जगह इस्तेमाल होंगे अपमानजनक शब्द

punjabkesari.in Friday, Nov 27, 2026 - 05:53 PM (IST)

नारी डेस्क : अफगानिस्तान में महिलाओं के अधिकारों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। तालिबान के एक नए आदेश की रिपोर्ट सामने आई है, जिसके मुताबिक महिलाओं के नाम सरकारी दस्तावेजों और मेडिकल रिकॉर्ड से हटाकर उनकी जगह 'बीबी' जैसे शब्दों का इस्तेमाल करने को कहा गया है। इतना ही नहीं, कुछ मामलों में महिलाओं को 'बकरी' और 'गाय' जैसे अपमानजनक शब्दों से संबोधित किए जाने की भी बात सामने आई है। इस खबर ने महिला सम्मान, पहचान और मानवाधिकारों को लेकर दुनिया भर में चिंता बढ़ा दी है।

महिलाओं के नाम की जगह इस्तेमाल होगा 'बीबी' शब्द?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अफगानिस्तान के बल्ख प्रांत में तालिबान अधिकारियों ने सरकारी कर्मचारियों और स्वास्थ्यकर्मियों को महिलाओं के असली नाम का इस्तेमाल न करने का निर्देश दिया है। बताया जा रहा है कि सरकारी दस्तावेजों, अस्पतालों की फाइलों और दवाइयों के पर्चों में महिलाओं के नाम की जगह 'बीबी' लिखने को कहा गया है। 'बीबी' शब्द आमतौर पर सम्मान के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है, जिसका अर्थ बुजुर्ग महिला या दादी जैसा होता है। लेकिन महिलाओं की पहचान उनके नाम से हटाकर एक ही शब्द से दर्ज किए जाने को महिला अधिकार कार्यकर्ता उनकी व्यक्तिगत पहचान मिटाने की कोशिश बता रहे हैं। 

PunjabKesari

'बकरी' और 'गाय' जैसे शब्दों से संबोधित करने का आरोप

रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि कुछ महिलाओं को 'बकरी' और 'गाय' जैसे पशुओं से जुड़े अपमानजनक शब्दों से संबोधित किया जा रहा है। महिला अधिकार कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल महिलाओं की गरिमा और इंसान के तौर पर उनकी पहचान को कमजोर करने वाला है। कार्यकर्ताओं ने इसे महिलाओं को समाज में एक स्वतंत्र व्यक्ति के रूप में पहचान देने से इनकार करने और उन्हें अमानवीय तरीके से पेश करने की कोशिश बताया है।

यें भी पढ़ें : सोते समय लार निकलना सिर्फ आदत नहीं, इन बीमारियों से भी हो सकता है संकेत

मेडिकल रिकॉर्ड में नाम न होने से बढ़ सकती हैं परेशानियां

महिलाओं के नाम की जगह एक ही शब्द लिखे जाने से अस्पतालों में भी गंभीर समस्याएं पैदा होने की आशंका जताई जा रही है। मेडिकल रिकॉर्ड, दवाइयों के पर्चे और मरीजों की पहचान में गड़बड़ी हो सकती है। अगर कई महिलाओं के रिकॉर्ड में एक ही नाम दर्ज होगा, तो डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को मरीज की सही पहचान करने में मुश्किल हो सकती है। इससे गलत दवा देने, इलाज में भ्रम और मेडिकल रिकॉर्ड में गड़बड़ी का खतरा बढ़ सकता है।

PunjabKesari

पहले भी महिलाओं के अधिकारों पर लग चुकी हैं कई पाबंदियां

अफगानिस्तान में तालिबान के सत्ता में लौटने के बाद से महिलाओं और लड़कियों की जिंदगी पर कई तरह की पाबंदियां लगाई गई हैं। शिक्षा, नौकरी, सार्वजनिक स्थानों पर जाने, अपनी आवाज उठाने और स्वतंत्र रूप से जीवन जीने के अधिकारों पर लगातार प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं। महिलाओं के नाम को दस्तावेजों से हटाने की यह रिपोर्ट भी इसी व्यापक प्रतिबंधात्मक माहौल का हिस्सा मानी जा रही है। फिलहाल यह आदेश बल्ख प्रांत तक सीमित होने की खबर है। पूरे अफगानिस्तान में इसे लागू किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है।

यें भी पढ़ें : सिर्फ पैर के अंगूठे में नहीं, इन जोड़ों को भी निशाना बना सकता है Uric Acid

महिलाओं की पहचान और सम्मान पर उठे सवाल

एक इंसान का नाम उसकी पहचान, उसके अस्तित्व और उसके सम्मान का प्रतीक होता है। किसी महिला को उसके नाम से पहचानने के बजाय किसी रिश्ते या अपमानजनक शब्द से बुलाना उसकी व्यक्तिगत पहचान को कमजोर करता है। महिला अधिकार कार्यकर्ताओं का कहना है कि महिलाओं की आजादी किसी एक देश तक सीमित मुद्दा नहीं है। जब तक दुनिया की हर महिला को अपने नाम, अपनी पहचान, अपने अधिकार और सम्मान के साथ जीने की आजादी नहीं मिलती, तब तक महिला सशक्तिकरण की लड़ाई अधूरी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Monika

Related News

static