Ex CM का बेटा, वकील की बेटी... चर्चा में है हैंडसम मंत्री की दूसरी शादी
punjabkesari.in Monday, Sep 22, 2025 - 04:14 PM (IST)

नारी डेस्क: चंडीगढ़ में हिमाचल प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विक्रम आदित्य सिंह का विवाह सोमवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित गुरुद्वारे में सादगीपूर्ण एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ सम्पन्न हुआ। समारोह में परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और कुछ चुनिंदा मेहमान ही मौजूद रहे। विवाह का यह आयोजन सादगी और आध्यात्मिक वातावरण से भरा हुआ रहा।
सुबह से ही गुरुद्वारे को फूलों और रोशनी से सजाया गया था। जब बारात गुरुद्वारे पहुंची तो माहौल खुशियों और उल्लास से गूंज उठा। कीर्तन और अरदास के बीच विवाह की पवित्र रस्में पूरी की गईं। विवाह के दौरान मंत्री और उनके परिवार ने गुरुद्वारे की परंपरा का पूरी श्रद्धा से पालन किया। समारोह के बाद आयोजित स्वागत कार्यक्रम में राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां शामिल हुईं।
कई नेताओं ने इस मौके पर मंत्री विक्रम आदित्य सिंह और उनकी पत्नी को आशीर्वाद व शुभकामनाएं दीं। उपस्थित लोगों ने कहा कि मंत्री ने भव्यता से ज्यादा सादगी को महत्व देकर समाज के सामने एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। इस शुभ अवसर पर सभी ने नवविवाहित जोड़े के सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बता दें कि विक्रमादित्य हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे दिवंगत वीरभद्र सिंह के बेटे हैं। यह उनकी दूसरी शादी है। उनकी पत्नी अमरीन कौर ने मनोविज्ञान में पीएचडी की है। वह अभी चंडीगढ़ स्थित पंजाब विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। डॉ. अमरीन कौर पंजाब- हरियाणा हाई कोर्ट के सीनियर वकील जोतिंदर सिंह सेखों की बेटी हैं। विक्रमादित्य और अमरीन कौर की दोस्ती काफी पुरानी है। विक्रमादित्य ने इससे पहले 8 मार्च, 2019 को राजस्थान के मेवाड़ में राजसमंद के आमेट राजघराने की सुदर्शना सिंह चुंडावत से विवाह किया था। 3 साल बाद दोनों अलग हो गए थे।