वरुण धवन ने शेयर किया दर्द, डेढ़ साल की बेटी को हुई थी ये गंभीर बीमारी
punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 10:33 AM (IST)
नारी डेस्क: Varun Dhawan इन दिनों अपनी फिल्म बॉर्डर 2 की सफलता को एंजॉय कर रहे हैं, लेकिन हाल ही में उन्होंने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक भावुक और चौंकाने वाला खुलासा किया है। एक्टर ने बताया कि उनकी छोटी बेटी लारा को बहुत कम उम्र में एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या का सामना करना पड़ा था। एक पॉडकास्ट इंटरव्यू के दौरान वरुण धवन ने बताया कि जब उनकी बेटी लारा सिर्फ डेढ़ साल की थी, तब उसे “डेवलपमेंटल डिस्प्लेजिया ऑफ द हिप (DDH)” नाम की बीमारी डायग्नोज हुई थी। यह एक ऐसी स्थिति होती है जिसमें हिप जॉइंट ठीक से विकसित नहीं होता और कभी-कभी अपनी जगह से खिसक भी जाता है।
चलने में आती थी परेशानी
इस बीमारी की वजह से उनकी बेटी को चलने में दिक्कत होती थी। वरुण ने बताया कि इस कंडीशन में एक पैर छोटा या बड़ा लग सकता है, जिससे बच्चे की चाल (walking style) टेढ़ी हो जाती है। यही वजह थी कि लारा के चलने के तरीके में भी फर्क नजर आने लगा था।

समय रहते मिला सही इलाज
वरुण धवन ने बताया कि सही समय पर बीमारी का पता चल जाना बहुत जरूरी होता है। उनकी बेटी को सर्जरी की जरूरत नहीं पड़ी, बल्कि एक खास मेडिकल प्रोसीजर के जरिए हिप को वापस सही जगह पर लाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि विदेशों में इसका इलाज जन्म के समय ही हो जाता है, लेकिन भारत में अब भी हर जगह यह सुविधा उपलब्ध नहीं है।
ये भी पढ़ें: खून की नलियों में जमे गंदें कोलेस्ट्रॉल को कैसे कम करें?
ढाई महीने तक कास्ट में रहना पड़ा
इलाज के दौरान उनकी बेटी को “स्पाइका कास्ट” में रखा गया, जो कि छोटे बच्चों के लिए काफी मुश्किल होता है। लारा को करीब ढाई महीने तक इस कास्ट में रहना पड़ा। वरुण ने बताया कि यह समय उनके और उनके परिवार के लिए बहुत भावुक और चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि बच्ची को एनेस्थीसिया देकर कास्ट में रखा गया था।
अब है बेहतर हालत
अच्छी बात यह है कि अब उनकी बेटी की हालत पहले से काफी बेहतर है और कास्ट भी हट चुकी है। वरुण ने कहा कि इस पूरे अनुभव ने उन्हें काफी कुछ सिखाया है और वे इस पर एक किताब लिखने के बारे में भी सोच रहे हैं, ताकि दूसरे माता-पिता को भी जागरूक किया जा सके।

कब बने थे माता-पिता?
बता दें कि Varun Dhawan और उनकी पत्नी Natasha Dalal 3 जून 2024 को माता-पिता बने थे। उनकी बेटी का जन्म मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में हुआ था। दोनों एक-दूसरे को बचपन से जानते हैं और साल 2021 में शादी के बंधन में बंधे थे। वरुण धवन का यह खुलासा न सिर्फ भावुक करता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि समय पर सही इलाज और जागरूकता से गंभीर बीमारियों से भी निपटा जा सकता है। उनकी कहानी कई माता-पिता के लिए प्रेरणा और सीख दोनों है।

