अगर बार-बार सूजते हैं पैर तो न करें Ignore, इस गंभीर बीमारी का हो सकता है संकेत
punjabkesari.in Monday, Mar 16, 2026 - 05:25 PM (IST)
नारी डेस्क: आजकल कई लोग अपने पैरों में बार-बार सूजन या फुलाव की शिकायत करते हैं। आमतौर पर लोग इसे थकान या ज्यादा चलने-फिरने का असर मान लेते हैं, लेकिन यह अक्सर सिर्फ थकान नहीं होती। लगातार सूजे हुए पैर कई बार शरीर में गंभीर बीमारी की तरफ इशारा कर सकते हैं। आइए जानते हैं इसके कारण, लक्षण और बचाव के तरीके।
पैरों में सूजन के सामान्य कारण
पैरों में सूजन होना यानी एडिमा (Edema) कई कारणों से हो सकता है। अक्सर यह लंबे समय तक खड़े रहने, ज्यादा वजन उठाने या अधिक चलने-फिरने की वजह से होता है। कुछ मामलों में मौसम की गर्मी या ज्यादा नमक खाना भी पैरों में सूजन का कारण बन सकता है।

पैरों में बार-बार सूजन गंभीर बीमारी का संकेत
हालांकि, अगर पैरों की सूजन बार-बार हो रही है, या दिन के समय कम हो रही है और रात में बढ़ रही है, तो यह केवल थकान का मामला नहीं है। यह शरीर में किसी गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है, जैसे:
किडनी की समस्या
किडनी ठीक से काम न करे तो शरीर में पानी और नमक जमा हो जाता है, जिससे पैरों और टखनों में सूजन आ सकती है। इसके साथ पेशाब में बदलाव, थकान और वजन बढ़ना भी देख सकते हैं।
दिल की बीमारी
दिल की कमजोरी या हार्ट फेल्योर होने पर भी पैरों में सूजन आ सकती है। शरीर में तरल पदार्थ जमा होने लगते हैं, खासकर टखनों और पैरों में। इससे सांस फूलना, थकान और तेजी से वजन बढ़ना जैसी समस्या भी हो सकती है।
लिवर (जिगर) की समस्या
जिगर में कोई समस्या होने पर भी पैरों में सूजन देखी जा सकती है। इसके अलावा पेट में भी सूजन, त्वचा पर पीलापन और भूख कम होना जैसी शिकायतें हो सकती हैं।

ये भी पढ़ें: हल्दी पानी में मिलाकर पिएं ये चीज, शरीर से साफ होगा सारा टॉक्सिन
स्नायु और नसों की कमजोरी
कभी-कभी लंबे समय तक खड़े रहने, नसों में समस्या या उम्र बढ़ने के कारण पैरों में सूजन हो जाती है। इसे गंभीर बीमारी नहीं, लेकिन सावधानी जरूर बरतनी चाहिए। कब डॉक्टर से मिलें
अगर पैरों की सूजन
बार-बार हो रही हो
सूजन के साथ दर्द, लालिमा या गर्मी हो
सांस लेने में तकलीफ हो
अचानक वजन बढ़ जाए
तो इसे इग्नोर न करें और तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। समय पर जांच और इलाज से बड़ी बीमारियों को रोका जा सकता है।

बचाव और घरेलू उपाय
दिन में कुछ समय पैरों को ऊपर उठाकर आराम करें। ज्यादा नमक वाले खाने से बचें। लंबे समय तक खड़े रहने या बैठने से बचें। नियमित हल्की-फुल्की एक्सरसाइज करें। पर्याप्त पानी पीएं ताकि शरीर में तरल पदार्थ संतुलित रहें। पैरों की बार-बार सूजन केवल थकान नहीं, बल्कि शरीर का चेतावनी सिग्नल हो सकती है। इसे हल्के में न लें और समय पर डॉक्टर से जांच कराएं।

