राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर भड़के 'रामायण' के लक्ष्मण, बोले- चोरी करने वालों को बेरहम सजा दो

punjabkesari.in Tuesday, Jun 30, 2026 - 01:12 PM (IST)

नारी डेस्क: रामानंद सागर के लोकप्रिय धारावाहिक 'रामायण' में लक्ष्मण की भूमिका निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता सुनील लहरी ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं और चोरी के मामले पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस घटना को न केवल श्रद्धालुओं की आस्था के साथ विश्वासघात बताया, बल्कि इसे बेहद शर्मनाक और निंदनीय भी कहा। सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो संदेश में सुनील लहरी ने कहा कि सदियों के संघर्ष और हजारों लोगों के बलिदान के बाद भगवान राम का भव्य मंदिर अयोध्या में बन सका। ऐसे पवित्र स्थान पर यदि चढ़ावे में गड़बड़ी या चोरी जैसी घटनाएं सामने आती हैं, तो यह पूरे समाज के लिए चिंता का विषय है।

'रक्षक ही भक्षक बन गए'

अपने वीडियो में अभिनेता ने कहा कि जिस मंदिर के निर्माण के लिए वर्षों तक संघर्ष हुआ और जिसकी प्राण प्रतिष्ठा पूरे देश की आस्था का प्रतीक बनी, उसी मंदिर में करोड़ों रुपये के चढ़ावे में कथित चोरी की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि यह सोचकर भी हैरानी होती है कि जिन लोगों पर मंदिर की व्यवस्था और सुरक्षा की जिम्मेदारी थी, उन्हीं पर सवाल उठ रहे हैं। उनके अनुसार, यह केवल आर्थिक अपराध नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं के साथ किया गया बड़ा विश्वासघात है।

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by Sunil Lahri (@sunil_lahri)

दोषियों के लिए मांगी कड़ी सजा

सुनील लहरी ने सरकार और कानून-व्यवस्था से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि इस मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाना चाहिए और ऐसी सजा मिलनी चाहिए, जिसे आने वाली पीढ़ियां भी याद रखें। उन्होंने कहा कि यदि अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं होगी, तो भविष्य में इस तरह के अपराधों को बढ़ावा मिल सकता है।

सऊदी अरब जैसी सजा का किया जिक्र

अभिनेता ने अपने बयान में खाड़ी देशों का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सऊदी अरब जैसे देशों में चोरी करने वालों को बेहद सख्त सजा दी जाती है, उसी तरह की कठोर सजा भारत में भी ऐसे मामलों में मिलनी चाहिए। उनका मानना है कि यदि अपराधियों को कड़ी सजा दी जाएगी, तो यह दूसरों के लिए भी बड़ा संदेश होगा और भविष्य में कोई भी धार्मिक स्थल या सार्वजनिक संपत्ति के साथ इस तरह की हरकत करने की हिम्मत नहीं करेगा।

ये भी पढ़ेंं:  स्नान के बाद भगवान जगन्नाथ बीमार, 15 दिनों तक नहीं होंगे दर्शन

पहले भी कई मुद्दों पर रख चुके हैं अपनी राय

सुनील लहरी सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक विषयों पर समय-समय पर अपनी राय खुलकर रखते रहे हैं। इससे पहले भी उन्होंने भारतीय राजनीति और विपक्ष को लेकर बयान दिया था। उनका कहना था कि कुछ विपक्षी नेता विदेशी ताकतों के साथ मिलकर भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करते हैं। उन्होंने भारत को इटली की राजनीति से सीख लेने की भी सलाह दी थी।

PunjabKesari

कौन हैं सुनील लहरी

सुनील लहरी को सबसे अधिक लोकप्रियता वर्ष 1987 में प्रसारित रामानंद सागर के ऐतिहासिक धारावाहिक 'रामायण' से मिली थी। इस धारावाहिक में उन्होंने लक्ष्मण की भूमिका निभाई थी, जबकि अरुण गोविल ने भगवान राम और दीपिका चिखलिया ने माता सीता का किरदार निभाया था। यह धारावाहिक भारतीय टेलीविजन इतिहास के सबसे लोकप्रिय धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल है और इसे दुनिया भर में करोड़ों दर्शकों ने देखा। इसकी लोकप्रियता आज भी बरकरार है।

क्या है राम मंदिर चढ़ावा विवाद

अयोध्या स्थित राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर विवाद उस समय सामने आया जब 7 जून को समाजवादी पार्टी के नेता तेज नारायण 'पवन' पांडे ने आरोप लगाया कि मंदिर में प्राप्त दान राशि में लगभग 5 करोड़ से 7.5 करोड़ रुपये तक के गबन की आशंका है। इन आरोपों के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर उत्तर प्रदेश सरकार ने 13 जून को विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। जांच टीम ने 15 से 20 जून के बीच अयोध्या में प्रारंभिक जांच की।

PunjabKesari

जांच में क्या सामने आया

प्रारंभिक जांच के दौरान एसआईटी को भक्तों द्वारा चढ़ाए गए नकद दान और कीमती सामान के रखरखाव एवं प्रबंधन में पहली नजर में कुछ अनियमितताएं मिलीं। इसके बाद जांच को आगे बढ़ाया गया। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अब तक चोरी और कथित गड़बड़ी से जुड़े आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच अभी जारी है और संबंधित एजेंसियां पूरे घटनाक्रम की विस्तृत पड़ताल कर रही हैं।
  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static