Yoga Day 2026: मुंबई इवेंट में श्रीलीला की सादगी ने जीता दिल, शाहिद कपूर का स्टाइल रहा चर्चा में
punjabkesari.in Sunday, Jun 21, 2026 - 02:09 PM (IST)
नारी डेस्क: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के मौके पर इस बार मुंबई में एक भव्य योग उत्सव का आयोजन किया गया। वर्ली स्थित डोम, एसवीपी एनएससीआई स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में दिव्यज फाउंडेशन की ओर से समाज के वंचित वर्ग, सड़क पर रहने वाले और दिव्यांग बच्चों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को योग के माध्यम से स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और सकारात्मकता का संदेश देना रहा। इस मौके पर राजनीति, सिनेमा और समाजसेवा से जुड़ी कई जानी-मानी हस्तियां भी मौजूद रहीं, जिन्होंने बच्चों के साथ समय बिताकर उनका हौसला बढ़ाया।
शाहिद कपूर का डैशिंग लुक बना चर्चा का विषय
कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेता शाहिद कपूर ने भी शिरकत की। अपने कैजुअल और स्टाइलिश अंदाज के चलते वह पूरे इवेंट में सुर्खियों में रहे। ब्लैक टी-शर्ट और लूज पैंट में उनका डैशिंग लुक फैंस को काफी पसंद आया। शाहिद ने बच्चों के साथ योगाभ्यास भी किया और फिट रहने का संदेश दिया। उनकी मौजूदगी से कार्यक्रम का माहौल और भी उत्साहित हो गया।
श्रीलीला की सादगी और एलिगेंस ने जीता दिल
इवेंट में साउथ सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री श्रीलीला भी नजर आईं। उन्होंने इस मौके पर ऑल-व्हाइट एथनिक आउटफिट चुना, जिसमें उनका सिंपल लेकिन बेहद एलिगेंट लुक देखने को मिला। खुले बाल और मिनिमल मेकअप के साथ उनका पूरा अंदाज काफी ग्रेसफुल नजर आया। कार्यक्रम में श्रीलीला ने बच्चों के साथ योग करते हुए सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
ये भी पढ़ें: खून को पतला रखने के लिए जरूरी हैं ये चीजें, नहीं तो बढ़ जाता है इन बीमारियों का खतरा
बच्चों के बीच नजर आईं अमृता फडणवीस
कार्यक्रम में दिव्यज फाउंडेशन की फाउंडर अमृता फडणवीस भी विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने बच्चों के बीच बैठकर योगासन किए और उन्हें प्रेरित किया। उनकी सहज मौजूदगी और बच्चों के साथ जुड़ाव ने कार्यक्रम को और भी भावनात्मक और प्रेरणादायक बना दिया।
समाजसेवा और सहयोग की मिसाल
इस आयोजन को सफल बनाने में मेघराज फाउंडेशन की हेड और समाजसेविका सीमा सिंह की भी अहम भूमिका रही। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बच्चों के विकास और स्वास्थ्य से जुड़े प्रयासों पर जोर दिया। बताया गया कि सीमा सिंह और अमृता फडणवीस के एनजीओ लंबे समय से बच्चों के कल्याण और स्वास्थ्य जागरूकता के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।
योग, मनोरंजन और सामाजिक संदेश का अनोखा संगम
कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को हेल्दी फूड पैकेट्स और गिफ्ट्स भी वितरित किए गए। पूरे आयोजन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। यह इवेंट न सिर्फ योग का उत्सव बना, बल्कि समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश भी छोड़ गया कि स्वास्थ्य, फिटनेस और संवेदनशीलता साथ मिलकर एक बेहतर भविष्य की नींव रख सकते हैं।

