White Hair Causes: सिर्फ बढ़ती उम्र नहीं, इन 3 चीजों की कमी से भी जल्दी सफेद हो सकते हैं बाल

punjabkesari.in Saturday, Jun 27, 2026 - 10:41 AM (IST)

नारी डेस्क:   आजकल कम उम्र में ही बालों का सफेद होना एक आम समस्या बनता जा रहा है। पहले जहां सफेद बाल बढ़ती उम्र की निशानी माने जाते थे, वहीं अब 20 से 30 साल के युवाओं में भी यह परेशानी तेजी से देखने को मिल रही है। इसकी कई वजहें हो सकती हैं, जैसे तनाव, आनुवंशिक कारण, गलत खानपान और खराब लाइफस्टाइल। हालांकि, त्वचा विशेषज्ञ (डर्मेटोलॉजिस्ट)  के अनुसार शरीर में कुछ जरूरी पोषक तत्वों की कमी भी बालों के समय से पहले सफेद होने का एक बड़ा कारण हो सकती है। डॉक्टर का कहना है कि अगर समय रहते इन पोषक तत्वों की कमी को पूरा कर लिया जाए और संतुलित आहार लिया जाए, तो बालों की सेहत को बेहतर बनाए रखने में मदद मिल सकती है।

आयरन की कमी से फीका पड़ सकता है बालों का नेचुरल रंग

आयरन शरीर में ऑक्सीजन पहुंचाने का महत्वपूर्ण काम करता है। जब शरीर में आयरन की कमी होने लगती है, तो इसका असर बालों की जड़ों तक भी पहुंचता है। पर्याप्त पोषण न मिलने की वजह से बाल धीरे-धीरे अपनी प्राकृतिक रंगत खोने लगते हैं और समय से पहले सफेद होने की संभावना बढ़ जाती है।

PunjabKesari

आयरन की कमी पूरी करने के लिए क्या खाएं

अगर शरीर में आयरन की कमी है, तो रोजमर्रा की डाइट में आयरन से भरपूर खाद्य पदार्थों को शामिल करना चाहिए। पालक, चुकंदर, खजूर, गुड़, अनार, दालें और हरी पत्तेदार सब्जियां आयरन के अच्छे स्रोत माने जाते हैं। इनके नियमित सेवन से आयरन की कमी को दूर करने में मदद मिल सकती है।

कैल्शियम और विटामिन D भी हैं बालों के लिए जरूरी

ज्यादातर लोग कैल्शियम और विटामिन D को केवल हड्डियों की मजबूती से जोड़कर देखते हैं, लेकिन ये दोनों पोषक तत्व बालों के स्वास्थ्य के लिए भी बेहद जरूरी हैं। डर्मेटोलॉजिस्ट के मुताबिक, हेयर फॉलिकल्स के सही तरीके से काम करने के लिए शरीर में पर्याप्त मात्रा में कैल्शियम और विटामिन D होना आवश्यक है। इनकी कमी बालों की गुणवत्ता और रंग दोनों को प्रभावित कर सकती है।

ये भी पढ़ें:  बिना चोट लगे शरीर में नज़र आते हैं नीले निशान,  इसे इग्नोर न करें समझें कारण

कैल्शियम और विटामिन D की कमी कैसे करें पूरी?

दूध, दही, पनीर और अन्य डेयरी उत्पाद कैल्शियम के अच्छे स्रोत हैं। वहीं विटामिन D के लिए सुबह की धूप लेना फायदेमंद माना जाता है। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह से कैल्शियम और विटामिन D के सप्लीमेंट भी लिए जा सकते हैं।

PunjabKesari

कॉपर की कमी भी बढ़ा सकती है सफेद बालों की समस्या

कॉपर एक ऐसा मिनरल है जो शरीर में मेलानिन बनाने वाले एंजाइम्स के लिए जरूरी होता है। मेलानिन वही प्राकृतिक पिगमेंट है, जो बालों को काला रंग देता है। जब शरीर में कॉपर की कमी हो जाती है, तो मेलानिन का उत्पादन प्रभावित होने लगता है, जिससे बाल समय से पहले सफेद होने लगते हैं।

कॉपर की कमी पूरी करने के लिए क्या खाएं?

कॉपर की पर्याप्त मात्रा पाने के लिए राजमा, बाजरा, काजू, तिल, मशरूम और 70 प्रतिशत या उससे अधिक कोको वाली डार्क चॉकलेट को अपनी डाइट में शामिल किया जा सकता है। ये खाद्य पदार्थ शरीर में कॉपर की मात्रा बढ़ाने में मदद कर सकते हैं।

सिर्फ खानपान ही नहीं, लाइफस्टाइल पर भी दें ध्यान

विशेषज्ञों का कहना है कि केवल पोषक तत्वों की कमी ही सफेद बालों की वजह नहीं होती। तनाव, नींद की कमी, धूम्रपान, आनुवंशिक कारण और कुछ स्वास्थ्य समस्याएं भी इस परेशानी को बढ़ा सकती हैं। इसलिए संतुलित आहार के साथ नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और तनाव को नियंत्रित रखना भी जरूरी है।

PunjabKesari

अगर कम उम्र में तेजी से बाल सफेद हो रहे हैं या इसके साथ बाल झड़ने जैसी समस्या भी बढ़ रही है, तो बिना देरी किए त्वचा विशेषज्ञ या डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। किसी भी तरह के विटामिन या मिनरल सप्लीमेंट का सेवन डॉक्टर की सलाह के बिना नहीं करना चाहिए, क्योंकि जरूरत से ज्यादा मात्रा भी स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकती है.  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static