अब क्यों खरीदें Branded Clothes? न्यू जनरेशन का फैशन स्टेटमेंट बन गए हैं सेकंड हैंड कपड़े
punjabkesari.in Tuesday, Mar 25, 2025 - 11:43 AM (IST)

दुनियाभर में सेकंड हैंड कपड़ों का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है। पिछले साल यानी कि 2024 में लोगों ने $227 बिलियन (लगभग ₹18 लाख करोड़) सेकंड हैंड कपड़ों पर खर्च किए। यह पूरी दुनिया में कपड़ों पर होने वाले खर्च का लगभग 10% हिस्सा है। यह आंकड़ा बताता है कि अब लोग नए की जगह पुराने कपड़े खरीदने को प्राथमिकता दे रहे हैं। चलिए जानते हैं लोग पुराने कपड़ों पर क्यों ज्यादा भरोसा कर रहे हैं।
क्यों बढ़ रहा है सेकंड हैंड कपड़ों का ट्रेंड?
अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा लगाए गए चीनी आयात पर 20% टैरिफ के कारण नए कपड़े महंगे हो गए हैं। इससे लोगों का रुझान पुराने कपड़े खरीदने की ओर बढ़ा है, क्योंकि वे सस्ते होते हैं। सेकेंडहैंड मार्केट में लोग बड़े ब्रांड्स के कपड़े सस्ते में खरीद सकते हैं, जो नए खरीदने पर महंगे होते हैं। इससे लोग कम कीमत में स्टाइलिश कपड़े पहन सकते हैं। अब लोग सिर्फ दान या विंटेज शॉप ही नहीं, बल्कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर भी सेकंड हैंड कपड़े खरीद रहे हैं, जैसे: eBay, ThredUp, Poshmark, Vestiaire Collective इस तरह के प्लेटफॉर्म्स लोगों को कपड़े खरीदने और बेचने की सुविधा देते हैं।
पर्यावरण के प्रति जागरूकता
नई कपड़ों की मैन्युफैक्चरिंग से ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जनबढ़ता है। सेकंड हैंड कपड़े खरीदने से प्राकृतिक संसाधनों की बचत होती है। कई लोग अपने पुराने कपड़ों को फेंकने के बजाय बेच रहे हैं, जिससे वेस्ट कम हो रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, Vestiaire Collective पर 79% सेकेंडहैंड कपड़े खरीदने से फर्स्टहैंड खरीदारी की जरूरत कम हो जाती है, जिससे पर्यावरण को फायदा होता है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से शॉपिंग आसान
अब AI टूल्स की मदद से ऑनलाइन थ्रिफ्ट शॉपिंगऔर आसान हो रही है। उदाहरण के लिए,ThredUp प्लेटफॉर्म पर आप किसी जूते या जैकेट की फोटो अपलोड कर सकते हैं, और AI आपको उससे मिलते-जुलते सेकेंडहैंड आइटम दिखाएगा। इससे सेकंड हैंड खरीदारी में समय की बचत होती है और पसंद के कपड़े आसानी से मिल जाते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, 2025 तक सेकंड हैंड फैशन का बाजार $250 बिलियन (₹20 लाख करोड़) तक पहुंच जाएगा। 2027 तक यह आंकड़ा $300 बिलियन (₹24 लाख करोड़) को पार कर जाएगा। यानी सेकंड हैंड कपड़ों का बाजार तेजी से बढ़ेगा।
पुराने कपड़े खरीदने के फायदे
सेकंड हैंड कपड़े नए कपड़ों की तुलना में 50-70% तक सस्ते होते हैं। बड़े ब्रांड्स के कपड़े भी सस्ती कीमत पर मिल जाते हैं। पुराने कपड़ों में भी आप क्लासिक और विंटेज लुक पा सकते हैं। कई सेलिब्रिटी भी सेकंड हैंड और थ्रिफ्टेड कपड़े पहनकर फैशन स्टेटमेंट देते हैं। सेकेंडहैंड कपड़े खरीदने से कपड़ा उत्पादन में पानी, ऊर्जा और संसाधनों की बचत होती है। थ्रिफ्ट स्टोर्स में अक्सर यूनिक और क्लासिक पीस मिलते हैं, जो बाजार में नए नहीं मिलते। इससे आपका लुक खास और अलग दिखता है।
---