संजय कपूर की वसीयत फर्जी? करिश्मा कपूर के बच्चों ने कोर्ट में दिए सबूत, 30,000 करोड़ की संपत्ति पर विवाद
punjabkesari.in Tuesday, Oct 14, 2025 - 03:27 PM (IST)

नारी डेस्क : बॉलीवुड अभिनेता संजय कपूर के निधन के बाद उनके पीछे छोड़ी गई करीब 30,000 करोड़ रुपये की संपत्ति को लेकर विवाद गरमाया हुआ है। संजय कपूर की पूर्व पत्नी करिश्मा कपूर के दोनों बच्चों ने हाईकोर्ट का रुख किया और दावा किया कि संजय की जो वसीयत पेश की जा रही है, वह फर्जी है।
बच्चों का दावा
करिश्मा कपूर के बच्चों ने अपने हिस्से के लिए कोर्ट में आवेदन किया। उनके वकील ने सोमवार को सुनवाई में कहा कि संजय कपूर की वसीयत इस तरह बनाई गई है कि बच्चों को उनकी संपत्ति में हिस्सा न मिले। वकील ने कहा कि वसीयत में बेटे का नाम और पता गलत लिखा गया है, जिससे फर्जीवाड़े का संदेह पैदा होता है।
वकील की दलील
वरिष्ठ वकील महेश जेठमलानी ने कोर्ट में कहा कि वसीयत बहुत ही लापरवाही से बनाई गई है। इसमें संजय कपूर की संपत्ति, गहने और डिजिटल एसेट्स जैसे क्रिप्टो का सटीक विवरण नहीं है। वसीयत की कार्यपालक बताई जा रही श्रद्धा सूरी मारवाह को भी कभी इसकी जानकारी नहीं दी गई कि उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है।
यें भी पढ़ें : सपना चौधरी के कमरे में घुसकर बदमाशों ने गोली मारने की दी धमकी और किया ऐसा हाल...
मामला क्या है
संजय कपूर का निधन 12 जून को विदेश में पोलो खेलते हुए हुआ था। उनके निधन के बाद, उनकी मां ने दावा किया कि संजय की पत्नी प्रिया सचदेव ने गैरकानूनी तरीके से पूरी प्रॉपर्टी पर कब्जा कर लिया और उन्हें बेटे के बिजनेस से अलग कर दिया। इसके बाद करिश्मा कपूर के बच्चों ने भी अपने पिता की संपत्ति में हिस्सा मांगा। कोर्ट ने प्रिया सचदेव से वसीयत पेश करने को कहा, लेकिन प्रिया ने इसे सार्वजनिक न करने की मांग की और वसीयत बंद लिफाफे में कोर्ट में पेश की।
वर्तमान स्थिति
फिलहाल हाईकोर्ट में मामले की सुनवाई जारी है। बच्चों की तरफ से वसीयत की सत्यता पर सवाल उठाए गए हैं, जबकि प्रिया सचदेव ने इसे पेश कर कोर्ट से गोपनीय रखने का अनुरोध किया है। इस विवाद में अब यह तय होना बाकी है कि संजय कपूर की संपत्ति का बंटवारा कैसे होगा और वसीयत कानूनी रूप से वैध है या नहीं।