संजय कपूर की बड़ी संपत्ति का वारिस कौन होगा? करिश्मा कपूर के बच्चों को क्या मिलेगा?
punjabkesari.in Tuesday, Jun 17, 2025 - 11:37 AM (IST)

नारी डेस्क: मशहूर उद्योगपति और ऑटो पार्ट्स कंपनी सोना कॉमस्टार के चेयरमैन संजय कपूर के आकस्मिक निधन ने बिजनेस और बॉलीवुड जगत को झकझोर कर रख दिया है। उनके निधन के बाद से न केवल कंपनी के भविष्य को लेकर सवाल उठ रहे हैं, बल्कि यह भी चर्चा का विषय बन गया है कि उनकी 10,300 करोड़ रुपये की संपत्ति का वारिस कौन होगा। खासकर, उनकी पूर्व पत्नी करिश्मा कपूर के बच्चों को लेकर भी लोगों में उत्सुकता है।
दिग्गज उद्योगपति का अचानक निधन
संजय कपूर, जो भारत की अग्रणी ऑटो पार्ट्स कंपनी सोना कॉमस्टार के प्रमुख थे, का हाल ही में निधन हो गया। उन्होंने 2015 में अपने पिता के निधन के बाद कंपनी की बागडोर संभाली थी और इसे वैश्विक स्तर पर पहुंचा दिया। उनके निधन की खबर सामने आते ही शेयर बाजार में प्रतिक्रिया देखने को मिली और कंपनी के शेयरों में करीब 7% की गिरावट दर्ज की गई।
कंपनी और बाजार पर असर
संजय कपूर के निधन के बाद निवेशकों में अस्थिरता देखी गई। कंपनी ने एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा, “संजय कपूर की सोच, मूल्य और समर्पण ने कंपनी के लिए एक मजबूत नींव रखी है। उनकी विरासत को आगे बढ़ाते हुए हम ग्राहकों और भागीदारों को आश्वस्त करना चाहते हैं कि संचालन प्रभावित नहीं होगा।”
संपत्ति और कारोबार का भविष्य
फोर्ब्स के मुताबिक, संजय कपूर की कुल संपत्ति ₹10,300 करोड़ (1.2 बिलियन डॉलर) थी, जो 2022-24 के बीच ₹13,000 करोड़ तक पहुंच गई थी। अब सवाल उठ रहा है कि इस विशाल संपत्ति और कंपनी के नेतृत्व की कमान किसके हाथ में होगी। रिपोर्ट्स की मानें तो उनकी तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव को संपत्ति का प्रबंधन सौंपा जाएगा।
ये भी पढ़ें: इस मशहूर एक्ट्रेस के पिता का हुआ निधन, बेटी के साथ था गहरा रिश्ता –भावुक पोस्ट में बयां किया दिल का दर्द
परिवार और विवाह
संजय कपूर की जिंदगी में तीन शादियां रहीं-
पहली पत्नी: डिज़ाइनर नंदिता महतानी (शादी 1996, तलाक 2000)
दूसरी पत्नी: एक्ट्रेस करिश्मा कपूर (शादी 2003, तलाक 2016)
बच्चे: समायरा (20) और कियान (14)
तीसरी पत्नी: मॉडल-अभिनेत्री प्रिया सचदेव (शादी 2017)
बेटा: अजरियास कपूर (6)
क्या मिलेगा करिश्मा कपूर के बच्चों को?
हालांकि संजय कपूर के बच्चे फिलहाल कंपनी प्रबंधन में शामिल नहीं हैं, लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार उन्होंने अपने बच्चों के भविष्य के लिए पहले से योजना बना रखी थी। करिश्मा कपूर से हुए उनके दोनों बच्चों – समायरा और कियान – को संजय ने करीब ₹14 करोड़ के बॉन्ड्स गिफ्ट किए थे और उनके लिए ₹10 लाख की मासिक इनकम की व्यवस्था भी की गई है। हालांकि, इस बात की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
कौन संभालेगा कंपनी की जिम्मेदारी?
कंपनी के संचालन की ज़िम्मेदारी फिलहाल मौजूदा बोर्ड के पास है। वहीं, संजय की बहनों के कंपनी प्रबंधन में आने की संभावना जताई जा रही है। ऐसा इसलिए क्योंकि संजय कपूर के तीनों बच्चे अभी नाबालिग या कंपनी से जुड़े नहीं हैं।
संजय कपूर के निधन से एक सफल व्यवसायी, पिता और मार्गदर्शक का अंत हो गया। उनकी संपत्ति, कंपनी और बच्चों के भविष्य को लेकर कई सवाल उठ खड़े हुए हैं। आने वाले समय में कानूनी और व्यावसायिक फैसलों के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी।