4 साल बाद कनिका कपूर की दूसरी शादी भी खत्म, बोलीं- 'मेरी जिंदगी में कोई दूसरा नहीं'

punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2026 - 03:53 PM (IST)

 नारी डेस्क: बॉलीवुड की मशहूर सिंगर कनिका कपूर एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। 'बेबी डॉल' गाने से घर-घर में पहचान बनाने वाली कनिका ने अपनी दूसरी शादी खत्म होने की खबरों पर खुद मुहर लगा दी है। शादी के करीब चार साल बाद उन्होंने अपने बिजनेसमैन पति गौतम हथिरमानी से अलग होने का फैसला किया है। सिंगर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर इस बात की जानकारी दी। वहीं, अलग होने की वजह को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी उन्होंने अपनी बात रखी है। कनिका ने साफ कहा है कि उनकी जिंदगी में कोई तीसरा शख्स नहीं है।

कनिका कपूर ने सोशल मीडिया पर किया अलग होने का ऐलान

कनिका कपूर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए पति गौतम हथिरमानी से अलग होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोनों ने काफी सोच-विचार करने के बाद यह फैसला लिया है। अपने संदेश में सिंगर ने लिखा, 'काफी सोच-विचार के बाद हम दोनों ने अलग होने का फैसला किया है। साथ में बिताए समय के लिए मैं उनकी आभारी रहूंगी।' इसके साथ ही उन्होंने गौतम के आने वाले जीवन के लिए शुभकामनाएं भी दीं। कनिका ने इस मुश्किल समय में अपने प्रशंसकों और लोगों से उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की। उनके इस ऐलान के बाद फैंस के बीच उनकी शादी टूटने को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

'मेरी जिंदगी में कोई दूसरा शख्स नहीं है'

कनिका और गौतम के रिश्ते में अनबन की खबरें काफी समय से सामने आ रही थीं। अब अलग होने की पुष्टि के बाद लोग इसकी वजह जानना चाह रहे हैं। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, एक इंटरव्यू में कनिका ने साफ किया कि उनके और गौतम के अलग होने की वजह कोई तीसरा व्यक्ति नहीं है। उन्होंने उन खबरों को भी गलत बताया, जिनमें कहा जा रहा था कि वह गौतम के साथ नाइजीरिया के लागोस में नहीं रहना चाहती थीं। दरअसल, गौतम अपने बिजनेस के सिलसिले में लागोस में रहते हैं। कनिका ने कहा कि उनकी जिंदगी में कोई दूसरा शख्स नहीं है और जहां तक उन्हें जानकारी है, गौतम की जिंदगी में भी कोई और नहीं है।

'शादी टूटने पर अक्सर महिला को ही ठहराया जाता है जिम्मेदार'

कनिका ने रिश्तों और शादी टूटने को लेकर समाज की सोच पर भी अपनी बात रखी। उनका कहना था कि जब किसी शादी में दरार आती है, तो अक्सर सबसे पहले महिला को ही जिम्मेदार ठहराया जाता है। जबकि किसी रिश्ते में क्या हुआ और उसके खत्म होने की असली वजह क्या रही, यह सिर्फ उन दो लोगों को पता होता है जो उस रिश्ते का हिस्सा रहे हैं। सिंगर की इस बात से साफ है कि वह अपनी निजी जिंदगी को लेकर फैल रही अटकलों पर विराम लगाना चाहती हैं और इस फैसले को लेकर किसी तरह की गलतफहमी नहीं चाहतीं।

ये भी पढ़ें:  'रामायण' फिल्म में सुनाई देगा Rishab Rikhiram Sharma का 'रामा रामा'

20 मई 2022 को लंदन में हुई थी दूसरी शादी

कनिका कपूर और गौतम हथिरमानी ने 20 मई 2022 को लंदन में शादी की थी। दोनों की शादी काफी धूमधाम से हुई थी, जिसमें परिवार के सदस्यों और करीबी दोस्तों ने हिस्सा लिया था। शादी का आयोजन एक पांच सितारा होटल में किया गया था। बताया जाता है कि दोनों पहले दोस्त बने और धीरे-धीरे उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। इसके बाद दोनों ने शादी करने का फैसला लिया। हालांकि, अब करीब चार साल साथ रहने के बाद दोनों ने अपनी राहें अलग कर ली हैं।

पहली शादी से हैं तीन बच्चे, तलाक के बाद अकेले की परवरिश

कनिका कपूर की यह दूसरी शादी थी। इससे पहले उन्होंने लंदन के डॉक्टर जसप्रीत सिंह चंदोक से शादी की थी। साल 2012 में दोनों का तलाक हो गया था। पहली शादी से कनिका के तीन बच्चे हैं, जिनके नाम आयाना, समारा और युवराज हैं। तलाक के बाद उन्होंने अकेले ही अपने बच्चों की परवरिश की और साथ-साथ अपने करियर को भी आगे बढ़ाया।

'बेबी डॉल' गाने ने रातोंरात बना दिया था स्टार

कनिका कपूर ने अपने सिंगिंग करियर की शुरुआत साल 2012 में गाने 'जुगनी जी' से की थी। हालांकि, उन्हें असली पहचान साल 2014 में फिल्म 'रागिनी एमएमएस 2' के गाने 'बेबी डॉल' से मिली। यह गाना उस समय काफी हिट हुआ और कनिका रातोंरात मशहूर हो गईं।

इसके बाद उन्होंने 'चिट्टियां कलाइयां', 'तुकुर तुकुर', 'गेंदा फूल' और 'ओ बोलेगा या ओ ओ बोलेगा' जैसे कई लोकप्रिय गाने गाए। अपनी आवाज और हिट गानों के दम पर कनिका ने म्यूजिक इंडस्ट्री में खास जगह बनाई है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static