राेज अमिताभ बच्चन की आवाज में ''हनुमान चालीसा'' सुनती है रणबीर कपूर की बेटी
punjabkesari.in Wednesday, Oct 28, 2026 - 06:04 PM (IST)
नारी डेस्क: बॉलीवुड सुपरस्टार रणबीर कपूर ने लोकप्रिय क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के दिवाली स्पेशल एपिसोड में एक मजबूत रिश्ते की नींव के बारे में बात की, खासकर आलिया भट्ट के साथ अपनी शादी के संदर्भ में। अभिनेता ने सार्थक रिश्तों को बनाए रखने में प्यार, विश्वास और सम्मान के महत्व पर जोर दिया। रिश्तों को मजबूत बनाए रखने वाले मूल्यों के बारे में बात करते हुए, रणबीर ने कहा, "हमारे रिश्ते की जो नींव है, जो जड़ है, वह दोस्ती है। मैं हमेशा से मानता हूं कि... प्यार एक रिश्ते को जोड़ता है, विश्वास एक रिश्ते को मजबूत बनाता है, और सम्मान एक रिश्ते को कायम रखता है। मुझे लगता है कि किसी भी रिश्ते में ये चीजें बहुत महत्वपूर्ण आधार होती हैं।"
क्विज़ रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' में शामिल हुए रणबीर कपूर ने यह भी बताया कि कैसे उनकी बेटी राहा के जन्म के बाद उनके जीवन में आस्था से जुड़ा एक रोज़ का नियम (रूटीन) शामिल हो गया है। इस मेगास्टार के साथ बातचीत के दौरान, रणबीर ने बताया कि वे अपनी सुबह की शुरुआत इस दिग्गज अभिनेता द्वारा गाई गई 'हनुमान चालीसा' से करते हैं। उन्होंने कहा- "जब से मेरी बेटी राहा पैदा हुई है, तब से ऐसा कोई दिन नहीं बीता जब हमने अपनी सुबह आपके गाए हुए हनुमान चालीसा से न शुरू की हो..." इस बात पर अमिताभ बच्चन ने बड़े प्यार से जवाब दिया, "वाह, क्या बात है..." ।
रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की बात करें तो, कुछ सालों तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद, इस जोड़े ने 14 अप्रैल 2022 को मुंबई स्थित अपने घर पर एक निजी समारोह में शादी कर ली। उनकी प्रेम कहानी अयान मुखर्जी की फैंटेसी एडवेंचर फिल्म 'ब्रह्मास्त्र: पार्ट वन - शिवा' की शूटिंग के दौरान शुरू हुई थी, जिसमें अमिताभ बच्चन ने भी एक अहम भूमिका निभाई थी। इस जोड़े के घर 6 नवंबर 2022 को बेटी राहा कपूर का जन्म हुआ। रणबीर अब नितेश तिवारी की आने वाली फिल्म 'रामायण' में भगवान राम का किरदार निभाने की तैयारी कर रहे हैं। यह फिल्म दो भागों में होगी, जिसमें साई पल्लवी सीता के रूप में, यश रावण के रूप में और रवि दुबे लक्ष्मण के रूप में नज़र आएंगे।

