दुर्गा पूजा पंडाल में रणबीर कपूर ने गाया ‘कबीरा’, फैंस को याद आए ‘ये जवानी है दीवानी’ के पुराने दिन

punjabkesari.in Sunday, Oct 18, 2026 - 02:19 PM (IST)

 नारी डेस्क:   बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है। मुंबई के नॉर्थ बॉम्बे सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में पहुंचे रणबीर ने अपनी फिल्म ‘ये जवानी है दीवानी’ का मशहूर गाना ‘कबीरा’ गाकर वहां मौजूद लोगों का दिल जीत लिया। खास बात यह रही कि उन्होंने यह गाना सिंगर हरशदीप कौर के साथ गाया। दोनों की परफॉर्मेंस देखकर वहां मौजूद लोग झूम उठे, वहीं सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद फैंस को भी फिल्म के पुराने दिन याद आ गए।

हरशदीप कौर के साथ रणबीर ने गाया ‘कबीरा’

शनिवार शाम दुर्गा पूजा पंडाल में रणबीर कपूर स्टेज पर माइक लेकर पहुंचे और ‘कबीरा’ गाना शुरू किया। उनके साथ हरशदीप कौर भी सुर मिलाती नजर आईं। दोनों की जुगलबंदी ने माहौल को खास बना दिया। वीडियो में रणबीर कभी खुद गाते दिखे, तो कभी माइक दर्शकों की तरफ कर दिया, ताकि वहां मौजूद लोग भी उनके साथ गाने का मजा ले सकें। इस दौरान लोगों ने भी खूब उत्साह दिखाया। परफॉर्मेंस के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं और फैंस रणबीर के इस अंदाज की तारीफ कर रहे हैं। साल 2013 में रिलीज हुई फिल्म ‘ये जवानी है दीवानी’ का ‘कबीरा’ आज भी लोगों के पसंदीदा गानों में शामिल है। ऐसे में रणबीर को इस गाने पर परफॉर्म करते देख फैंस के लिए यह पल किसी पुरानी याद से कम नहीं था।

लाल और गोल्डन कुर्ते में दिखे रणबीर कपूर

दुर्गा पूजा पंडाल में रणबीर कपूर ट्रेडिशनल लुक में नजर आए। उन्होंने लाल और गोल्डन रंग का कुर्ता पहना था, जिसके साथ सफेद पजामा उनके लुक को सादगी भरा अंदाज दे रहा था। पंडाल पहुंचने के बाद रणबीर ने सबसे पहले मां दुर्गा के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने वहां मौजूद लोगों से मुलाकात की और पैपराजी के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। उनका यह पारंपरिक लुक भी फैंस को काफी पसंद आया।

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by SnehZala (@sneyhzala)

दोस्त अयान मुखर्जी से भी मिले रणबीर

इस दौरान रणबीर कपूर अपने दोस्त और फिल्ममेकर अयान मुखर्जी से भी मिले। अयान ने ही ‘ये जवानी है दीवानी’ का निर्देशन किया था। फिल्म में रणबीर कपूर के साथ दीपिका पादुकोण, आदित्य रॉय कपूर और कल्कि कोचलिन भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। फिल्म की कहानी, इसके गाने और किरदार आज भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय हैं। खासकर ‘कबीरा’ ऐसा गाना है, जिसे सुनकर लोगों को फिल्म के कई यादगार सीन याद आ जाते हैं। रणबीर की इस परफॉर्मेंस ने एक बार फिर उन्हीं यादों को ताजा कर दिया।

सोशल मीडिया पर फैंस ने लुटाया प्यार

रणबीर और हरशदीप कौर की परफॉर्मेंस के वीडियो सामने आने के बाद फैंस ने खूब प्यार जताया। कई लोगों ने रणबीर के लुक की तारीफ की, तो कुछ ने कहा कि ‘कबीरा’ सुनकर उन्हें फिल्म के पुराने दिन याद आ गए। एक फैन ने रणबीर के लुक की तारीफ करते हुए उन्हें बेहद हैंडसम बताया। वहीं, दूसरे यूजर ने लिखा कि इस परफॉर्मेंस ने पुरानी यादें ताजा कर दीं। कई लोगों ने दिल वाले इमोजी के साथ भी अपना प्यार जाहिर किया।

इन फिल्मों में नजर आएंगे रणबीर कपूर

वर्कफ्रंट की बात करें तो रणबीर कपूर के पास कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं। वह नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ में भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा वह संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘लव एंड वॉर’ में भी नजर आएंगे। उनके आने वाले प्रोजेक्ट्स में ‘रामायण’ का दूसरा भाग, ‘ब्रह्मास्त्र 2’ और ‘एनिमल पार्क’ भी शामिल हैं। ऐसे में फैंस उनकी फिल्मों के साथ-साथ उनके नए अंदाज और ऐसे खास पलों को देखने के लिए भी उत्साहित रहते हैं।
 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static