संजय गुप्ता के निधन से बॉलीवुड में शोक, डायरेक्टर को श्रद्धांजलि देने पहुंचे सितारे
punjabkesari.in Sunday, Nov 01, 2026 - 01:07 PM (IST)
नारी डेस्क : बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर संजय गुप्ता के अचानक निधन से पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। कांटे, शूटआउट एट लोखंडवाला और काबिल जैसी फिल्मों के निर्देशन और निर्माण से पहचान बनाने वाले संजय गुप्ता ने 30 अक्टूबर की देर रात मुंबई स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर सामने आते ही फिल्मी सितारे और उनके करीबी दोस्त उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे। इस दौरान रोनित रॉय, रोहित रॉय और मिलाप जावेरी काफी भावुक नजर आए। संजय गुप्ता के अंतिम दर्शन के लिए फरदीन खान, गुलशन ग्रोवर, राकेश रोशन और सुधांशु पांडे समेत कई हस्तियां उनके घर पहुंचीं।
संजय गुप्ता को याद कर भावुक हुए रोनित और रोहित रॉय
संजय गुप्ता के निधन से उनके करीबी दोस्त और फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकार गहरे सदमे में हैं। जब रोनित रॉय, रोहित रॉय और फिल्ममेकर मिलाप जावेरी उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे, तो सभी काफी भावुक दिखाई दिए। मिलाप जावेरी की आंखों में आंसू देखकर रोहित रॉय ने उन्हें गले लगाया और संभालने की कोशिश की। इस दौरान रोहित और रोनित भी अपने आंसू नहीं रोक पाए।
इन सितारों ने पहुंचकर दी अंतिम श्रद्धांजलि
संजय गुप्ता को अंतिम विदाई देने के लिए बॉलीवुड की कई हस्तियां उनके मुंबई स्थित आवास पर पहुंचीं। इनमें फरदीन खान, रोनित रॉय, रोहित रॉय, गुलशन ग्रोवर, राकेश रोशन, जावेद जाफरी, मीजान जाफरी, मिलाप जावेरी, सुधांशु पांडे और अशोक पंडित शामिल रहे। संजय गुप्ता के अचानक चले जाने से उनके साथ काम कर चुके कलाकार और दोस्त उन्हें याद कर रहे हैं। फिल्म इंडस्ट्री के कई लोगों ने सोशल मीडिया के जरिए भी उन्हें श्रद्धांजलि दी।
संजय दत्त ने दोस्त के लिए किया भावुक पोस्ट, 'कांटे 2' बनाने का किया वादा
संजय गुप्ता के निधन से अभिनेता संजय दत्त भी बेहद दुखी हैं। दोनों के बीच लंबे समय से दोस्ती और गहरा प्रोफेशनल रिश्ता रहा है। संजय दत्त ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए उन्हें अपना भाई और परिवार बताया। उन्होंने लिखा कि वे हाल ही में कांटे 2 को लेकर संजय गुप्ता से बातचीत कर रहे थे। अब उन्होंने अपने दोस्त की याद में इस फिल्म को बनाने का वादा किया है। संजय दत्त ने यह भी कहा कि उनके जाने के बाद जिंदगी पहले जैसी नहीं रहेगी।
कैसे हुआ संजय गुप्ता का निधन?
मुंबई पुलिस के शुरुआती बयान के मुताबिक, संजय गुप्ता 30 अक्टूबर की देर रात अपने घर में संतुलन बिगड़ने के कारण गिर गए थे। इस दौरान उनके सिर पर गंभीर चोट लगी और काफी खून बहा। उस समय उनकी पत्नी, बच्चे और घरेलू सहायक घर में मौजूद थे, लेकिन सभी सो रहे थे। शनिवार सुबह परिवार के सदस्यों को घटना का पता चला और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (ADR) दर्ज की है। शुरुआती जांच में परिवार ने किसी तरह का संदेह नहीं जताया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया था और पुलिस घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
यें भी पढ़ें : सोने की कलम से लिखी होती है इस मूलांक वालों की किस्मत, धन-वैभव खुद आता है इनके पास
'कांटे' और 'शूटआउट एट लोखंडवाला' जैसी फिल्मों से बनाई पहचान
संजय गुप्ता हिंदी सिनेमा में अपने एक्शन, क्राइम और गैंगस्टर ड्रामा के लिए जाने जाते थे। उन्होंने साल 1994 में फिल्म आतिश: फील द फायर से निर्देशन की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने जंग, खौफ, कांटे, मुसाफिर, जिंदा, शूटआउट एट वडाला, जज्बा, काबिल और मुंबई सागा जैसी फिल्मों का निर्देशन किया।वहीं, बतौर निर्माता और लेखक भी वह कई चर्चित फिल्मों से जुड़े रहे। शूटआउट एट लोखंडवाला उनकी प्रमुख फिल्मों में से एक रही। उनकी फिल्मों में एक्शन, दमदार किरदार और अपराध की दुनिया की कहानियां खास पहचान रखती थीं। संजय गुप्ता के निधन से हिंदी सिनेमा ने एक ऐसे फिल्ममेकर को खो दिया है, जिनकी फिल्मों और कलाकारों के साथ उनके रिश्तों को लंबे समय तक याद किया जाएगा।

