सलमान खान ने गणपति विसर्जन में की उलटी दिशा में आरती, अर्पिता के टोकते ही सुधारा तरीका

punjabkesari.in Wednesday, Sep 16, 2026 - 10:41 AM (IST)

नारी डेस्क:  हर साल की तरह इस बार भी सलमान खान के घर गणपति बप्पा का स्वागत हुआ। बप्पा को घर लाने से लेकर विसर्जन तक खान परिवार ने पूरे उत्साह के साथ गणेश उत्सव मनाया। अब गणपति विसर्जन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें सलमान खान परिवार के साथ आरती करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान उनसे आरती करने में एक छोटी-सी गलती हो गई, जिसे उनकी बहन अर्पिता खान ने तुरंत नोटिस कर लिया। इसके बाद जो हुआ, वह फैंस को काफी प्यारा लग रहा है।

सोहेल खान के घर पहुंचे सलमान

मंगलवार को सलमान खान अपने भाई सोहेल खान के घर गणपति विसर्जन में शामिल होने पहुंचे। इस मौके पर परिवार के कई सदस्य मौजूद थे। सलमान के साथ उनकी कथित गर्लफ्रेंड यूलिया वंतूर भी नजर आईं। सलमान के पहुंचते ही उनके भांजे अरहान खान ने दरवाजे पर उनका स्वागत किया। वहीं, उनकी भांजी आयत भी सलमान को देखते ही उनसे प्यार से गले मिलती नजर आईं। इसके बाद सभी लोग गणपति विसर्जन की तैयारियों में जुट गए।

आरती करते समय हुई छोटी-सी गलती

विसर्जन से पहले सलमान खान परिवार के साथ गणपति बप्पा की आरती करते दिखाई दिए। इसी दौरान अर्पिता खान की नजर सलमान की आरती पर गई और उन्होंने देखा कि भाई आरती उलटी दिशा में कर रहे हैं। अर्पिता ने सलमान को आवाज देकर समझाने की कोशिश की, लेकिन वहां तेज मंत्रोच्चार हो रहा था, जिसकी वजह से उन्हें अपनी बहन की आवाज सुनाई नहीं दी। इसके बाद अर्पिता ने उन्हें सही तरीका बताया और सलमान ने भी तुरंत अपनी गलती सुधार ली। उनका यह अंदाज कैमरे में कैद हो गया। आरती पूरी करने के बाद सलमान अपनी भांजी आयत को भी आरती करने का सही तरीका समझाते नजर आए। भाई-बहन के बीच का यह छोटा-सा पल सोशल मीडिया पर लोगों को काफी पसंद आ रहा है।

यूलिया वंतूर ने भी की आरती

इस गणपति विसर्जन में यूलिया वंतूर भी खान परिवार के साथ नजर आईं। सलमान के बाद उन्होंने भी गणपति बप्पा की आरती की। लुक की बात करें तो सलमान प्रिंटेड जींस, मैचिंग जैकेट, काली टी-शर्ट और काली बीनी में कैजुअल अंदाज में नजर आए। वहीं यूलिया पीले रंग के अनारकली सूट में बेहद खूबसूरत लग रही थीं।

सौतेली मां हेलेन के साथ भी दिखा खास बॉन्ड

गणपति विसर्जन से सामने आए एक और वीडियो में सलमान खान अपनी सौतेली मां हेलेन और उनके साथ बैठे मेहमानों से बातचीत करते दिखाई दिए। इस दौरान उन्होंने पैपराजी के लिए तस्वीरें भी खिंचवाईं। सलमान एक छोटे बच्चे के साथ भी प्यार से खेलते और उस पर दुलार लुटाते नजर आए।

अर्पिता और सलमान की बॉन्डिंग पर फिदा हुए फैंस

सलमान और अर्पिता का यह प्यारा भाई-बहन वाला पल फैंस को खूब पसंद आया। वीडियो पर कमेंट करते हुए एक यूजर ने लिखा कि सिर्फ अर्पिता ही सलमान को सही राह दिखा सकती हैं। वहीं एक दूसरे फैन ने इसे बेहद प्यारा पल बताया। एक यूजर ने लिखा कि बहनें इसलिए होती हैं ताकि अपने भाइयों को सही चीज सिखा सकें। वहीं एक कमेंट में कहा गया, “भाई सिर्फ अपनी बहनों की बात मानते हैं।” कई लोगों ने दोनों के रिश्ते को बेहद प्यारा बताया।

सोहेल की बिल्डिंग में हुआ गणपति विसर्जन

खान परिवार ने गणपति विसर्जन सोहेल खान की बिल्डिंग के परिसर में किया। इसके लिए वहां पानी की एक बड़ी टंकी का इंतजाम किया गया था। अरबाज खान के बेटे अरहान खान भी गणपति की मूर्ति के विसर्जन में मदद करते नजर आए। इस मौके पर सोहेल खान के कई दोस्त भी परिवार के साथ शामिल हुए। इनमें डेलबर आर्या, कुशल टंडन, सरगुन और कई अन्य लोग नजर आए। परिवार और दोस्तों ने मिलकर गणपति बप्पा को विदाई दी।

इन फिल्मों में नजर आएंगे सलमान खान

वर्कफ्रंट की बात करें तो सलमान खान जल्द ही फिल्म 'मातृभूमि' में नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया कर रहे हैं। फिल्म को सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले सलमान खान प्रोड्यूस कर रहे हैं। इसमें सलमान खान के साथ चित्रांगदा सिंह लीड रोल में हैं। इसके अलावा सलमान खान के पास दिल राजू की एक फिल्म भी है। इस फिल्म का नाम अभी तय नहीं हुआ है। इसे वामशी पैदिपल्ली डायरेक्ट करेंगे और इसमें नयनतारा भी लीड रोल में नजर आएंगी। सलमान खान ने इस फिल्म की रिलीज को लेकर घोषणा की है कि यह ईद 2027 के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
 

 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static