Bigg Boss 20 के लिए सलमान खान की फीस में बड़ी गिरावट, जानें क्यों 350 करोड़ से घटकर हुई 120 करोड़
punjabkesari.in Wednesday, Sep 09, 2026 - 11:46 AM (IST)
नारी डेस्क : सलमान खान एक बार फिर टीवी के सबसे चर्चित रियलिटी शो 'बिग बॉस' के नए सीजन के साथ लौट आए हैं। शो की शुरुआत के साथ ही जहां कंटेस्टेंट्स और घर के ड्रामे की चर्चा हो रही है, वहीं सलमान खान की फीस को लेकर भी कई तरह की खबरें सामने आ रही हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि इस सीजन के लिए सलमान की फीस पिछले सीजनों के मुकाबले काफी कम हो गई है। हालांकि, सलमान खान की मौजूदा फीस को लेकर न तो एक्टर की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने आया है और न ही शो के मेकर्स या चैनल ने इस रकम की पुष्टि की है। ऐसे में सामने आई रकम को फिलहाल मीडिया रिपोर्ट्स और दावों के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।
कभी 350 करोड़ रुपये तक थी सलमान की फीस?
'बिग बॉस' की शुरुआत साल 2006 में हुई थी। सलमान खान ने इस शो की कमान Bigg Boss 4 से संभाली थी और इसके बाद से वह लगातार शो के होस्ट बने हुए हैं। हर सीजन के साथ उनकी लोकप्रियता और शो में उनकी फीस को लेकर भी चर्चा बढ़ती गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान खान ने Bigg Boss 15 के पूरे सीजन के लिए करीब 350 करोड़ रुपये तक चार्ज किए थे। इसके बाद उनकी फीस में बदलाव की खबरें सामने आती रहीं। रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि Bigg Boss 19 के लिए सलमान खान की फीस करीब 200 करोड़ रुपये रही थी।

Bigg Boss 20 के लिए 120 करोड़ रुपये मिलने का दावा
अब 'Bigg Boss 20' को लेकर दावा किया जा रहा है कि सलमान खान को इस सीजन के लिए करीब 120 करोड़ रुपये फीस दी जा रही है। जर्नलिस्ट और यूट्यूबर शुभांकर मिश्रा ने भी एक वीडियो में सलमान खान की फीस को लेकर चर्चा की है। उन्होंने मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से बताया कि इस बार सलमान की फीस कथित तौर पर घटकर करीब 120 करोड़ रुपये हो गई है। अगर इन रिपोर्ट्स की तुलना पिछले आंकड़ों से की जाए, तो रकम में काफी बड़ा अंतर दिखाई देता है। हालांकि, 120 करोड़ रुपये का आंकड़ा आधिकारिक तौर पर कन्फर्म नहीं है।
यें भी पढ़ें : Bigg Boss 20 कंटेस्टेंट का चौंकाने वाला खुलासा! कहा-सांपों और जंगली कुत्तों के बीच गुजारे 40 दिन
आखिर क्यों कम हुई सलमान खान की फीस?
सलमान खान की फीस में कथित कमी की असली वजह अभी सामने नहीं आई है। चूंकि न तो सलमान ने इस बारे में कुछ कहा है और न ही शो के मेकर्स ने फीस का खुलासा किया है, इसलिए इसके पीछे की वजह को लेकर कोई पक्की बात कहना संभव नहीं है। हालांकि, सोशल मीडिया और कुछ रिपोर्ट्स में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। इनमें शो की टीआरपी, सलमान खान की फिल्मों का बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन और टीवी पर शो की लागत जैसे कई फैक्टर शामिल हैं। कुछ लोग इसे सलमान के स्टारडम से भी जोड़ रहे हैं, लेकिन केवल फीस में कथित बदलाव के आधार पर किसी अभिनेता के स्टारडम में गिरावट का निष्कर्ष निकालना सही नहीं होगा।

क्या सच में सलमान खान को मिल रहे हैं सिर्फ 120 करोड़?
फिलहाल इसका सीधा जवाब देना मुश्किल है। ₹120 करोड़ की रकम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए इसे सलमान खान की निश्चित फीस बताना जल्दबाजी होगी। इसके अलावा, किसी रियलिटी शो में होस्ट की फीस केवल एक तय रकम तक सीमित हो, यह भी जरूरी नहीं है। कॉन्ट्रैक्ट में एपिसोड, प्रमोशनल कमिटमेंट, शूटिंग शेड्यूल और अन्य शर्तों के आधार पर अलग-अलग भुगतान व्यवस्था हो सकती है।

