"पीछे का याद रख लेना, इतनी इज्जत तो दे..." IIFA 2027 प्रेस कॉन्फ्रेंस में सलमान खान ने फिर टोका पैपराजी को
punjabkesari.in Thursday, Oct 22, 2026 - 06:41 PM (IST)
नारी डेस्क: बॉलीवुड स्टार्स सलमान खान और करीना कपूर खान मुंबई में IIFA 2027 की प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्टाइलिश अंदाज में नजर आए। कैमरों के लिए पोज देते हुए, सलमान ने पैपराजी को अपनी बात फिर से याद दिलाई। उन्होंने कहा- “पीछे का याद रख लेना, इतनी इज्जत तो दे ही सकते हो सब लोग।” उन्होंने पैपराजी से अपील की कि वे सेलिब्रिटीज की तस्वीरें लेते समय एक मर्यादा बनाए रखें और उनका सम्मान करें।
इस मौके पर नीले ब्लेज़र और डेनिम पहने सलमान खान ने ‘बिग बॉस 20’ में भी इस मुद्दे पर बात की थी। उन्होंने तब फोटोग्राफरों को टोका था क्योंकि वे अभिनेत्रियों की ऐसी तस्वीरें ले रहे थे, जिससे उन्हें असहज महसूस हो रहा था। वहीं, करीना कपूर खान ने पूरी तरह से काले रंग के कपड़े पहने थे और अपने लुक को स्टाइलिश सनग्लासेस के साथ पूरा किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में रश्मिका मंदाना, अभिषेक बनर्जी और पंकज त्रिपाठी जैसे कलाकार भी मौजूद थे।
27वां संस्करण IIFA वीकेंड और अवार्ड्स 22 और 23 जनवरी, 2027 को अबू धाबी के यास आइलैंड स्थित एतिहाद एरिना में आयोजित किए जाएंगे। IIFA अवार्ड्स समारोह को अभिनेता वरुण धवन और अनन्या पांडे होस्ट करेंगे। उनके साथ करण जौहर और मनीष पॉल भी शामिल होंगे। इस समारोह में सलमान खान, करीना कपूर खान और जाह्नवी कपूर सहित कई बॉलीवुड सितारे परफॉर्म करते नजर आएंगे। रश्मिका मंदाना इस बार IIFA में अपना डेब्यू करेंगी और अवार्ड्स समारोह में लाइव परफॉर्म करेंगी।
रश्मिका ने एक बयान में कहा- "पहली बार IIFA अवार्ड्स के मंच पर परफॉर्म करना बहुत खास लग रहा है, और सच कहूं तो मैं बहुत उत्साहित हूं! IIFA हमेशा से भारतीय सिनेमा का एक शानदार उत्सव रहा है, जो दुनिया भर के बेहतरीन कलाकारों और सिनेमा प्रेमियों को एक साथ लाता है।" प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अबू धाबी में IIFA का यह चौथा आयोजन होगा। इसे 'डिपार्टमेंट ऑफ कल्चर एंड टूरिज्म - अबू धाबी' और 'मिराल' (Miral) की साझेदारी में आयोजित किया जाएगा। 'अरेबियन ट्रैवल मार्केट 2026' में अबू धाबी में IIFA की वापसी की घोषणा की गई। इस मौके पर एक साइनिंग सेरेमनी भी हुई, जिसमें मिराल के ग्रुप CEO मोहम्मद अब्दुल्ला अल जाबी, डिपार्टमेंट ऑफ कल्चर एंड टूरिज्म - अबू धाबी के टूरिज्म सेक्टर के डायरेक्टर जनरल सालेह मोहम्मद अल गेजिरी और IIFA के सह-संस्थापक आंद्रे टिमिन्स मौजूद थे।

