सलमान खान के बदले Look का खुला राज, खुद बताया क्यों घटाया 16 किलो वजन

punjabkesari.in Tuesday, Aug 04, 2026 - 01:09 PM (IST)

नारी डेस्क: पिछले कुछ समय से सलमान खान का बदला हुआ लुक लगातार चर्चा में बना हुआ है। सोशल मीडिया पर उनकी कई तस्वीरें और वीडियो वायरल हुए, जिनमें वह पहले के मुकाबले काफी दुबले दिखाई दिए। इसके बाद फैंस के बीच उनकी सेहत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कई लोगों ने अनुमान लगाया कि कहीं अभिनेता किसी स्वास्थ्य समस्या से तो नहीं गुजर रहे हैं। अब इन सभी अटकलों पर खुद सलमान खान ने विराम लगा दिया है और साफ किया है कि उनका वजन कम होना पूरी तरह उनकी फिटनेस जर्नी का हिस्सा है।

'अलायंस' शो में किया 16 किलो वजन घटाने का खुलासा

हाल ही में सलमान खान प्राइम वीडियो के रियलिटी शो 'अलायंस' में अपने भाई सोहेल खान का हौसला बढ़ाने पहुंचे। शो के दौरान दोनों भाइयों के बीच फिटनेस को लेकर हल्की-फुल्की और दिलचस्प बातचीत देखने को मिली। बातचीत के दौरान सलमान ने सोहेल की फिटनेस की तारीफ करते हुए पूछा कि उन्होंने कितना वजन कम किया है। इस पर सोहेल खान ने अपना सिक्स-पैक एब्स दिखाते हुए बताया कि उन्होंने करीब 12 किलो वजन घटाया है। सोहेल की बात सुनने के बाद सलमान खान ने भी मुस्कुराते हुए खुलासा किया कि उन्होंने खुद 16 किलो वजन कम किया है। उनके इस बयान के बाद साफ हो गया कि उनका बदला हुआ लुक किसी बीमारी की वजह से नहीं, बल्कि कड़ी मेहनत और फिटनेस पर फोकस करने का नतीजा है।

वायरल तस्वीरों के बाद फैंस को हुई थी चिंता

कुछ दिन पहले मुंबई में आयोजित एसआरए (SRA) के एक कार्यक्रम में सलमान खान शामिल हुए थे। इस दौरान उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए। उनमें सलमान पहले की तुलना में काफी स्लिम नजर आए, जिसके बाद फैंस ने उनकी सेहत को लेकर चिंता जतानी शुरू कर दी थी। सोशल मीडिया पर कई तरह की अटकलें लगाई गईं। कुछ लोगों ने उनकी हेल्थ को लेकर सवाल उठाए, जबकि कई फैंस ने उनके जल्द स्वस्थ रहने की दुआ भी की। हालांकि अब सलमान के ताजा बयान ने इन सभी अफवाहों को पूरी तरह खारिज कर दिया है।

ये भी पढ़ें: 70 किलो बर्फ में 12 मिनट तक बैठीं हिना खान, जानिए क्या है ये थेरेपी

फिटनेस पर पूरा फोकस कर रहे हैं सलमान खान

सलमान खान हमेशा से अपनी फिटनेस के लिए जाने जाते हैं और बढ़ती उम्र में भी वह अपनी बॉडी और वर्कआउट रूटीन को लेकर काफी अनुशासित रहते हैं। 16 किलो वजन कम करने का उनका खुलासा यह दिखाता है कि वह अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स के लिए खुद को नए अंदाज में तैयार कर रहे हैं।

'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' में आएंगे नजर

वर्क फ्रंट की बात करें तो सलमान खान जल्द ही फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' में दिखाई देंगे। इस फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया कर रहे हैं, जबकि चित्रांगदा सिंह इसमें उनके साथ मुख्य भूमिका निभा रही हैं। फिल्म की कहानी साल 2020 में गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई ऐतिहासिक झड़प की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इस फिल्म में सलमान खान भारतीय सेना के बहादुर अधिकारी कर्नल संतोष बाबू का किरदार निभाते नजर आएंगे। गौरतलब है कि इस प्रोजेक्ट का शुरुआती नाम 'बैटल ऑफ गलवान' रखा गया था, जिसे बाद में बदलकर 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' कर दिया गया।

'SVC63' की शूटिंग में भी व्यस्त हैं भाईजान

'मातृभूमि' के अलावा सलमान खान के पास एक और बड़ा प्रोजेक्ट 'SVC63' भी है। इस हाई-ऑक्टेन एक्शन फिल्म का निर्देशन वामशी पैदिपल्ली कर रहे हैं, जबकि इसके निर्माता दिल राजू हैं। फिल्म में सलमान खान के साथ नयनतारा मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। बताया जा रहा है कि फिल्म में दर्शकों को सलमान का दमदार एक्शन अवतार देखने को मिलेगा। फिलहाल इसकी शूटिंग जारी है और इसे ईद 2027 के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है।
 

 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static