Famous Punjabi Singer Rajvir Jawanda भयानक हादसे में घायल, जानिए कौन हैं ये पंजाबी सिंगर?
punjabkesari.in Sunday, Sep 28, 2025 - 10:19 AM (IST)

नारी डेेस्क: पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा सड़क हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल होकर वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। यह हादसा तब हुआ जब राजवीर बाइक से बद्दी से शिमला जा रहे थे। दुर्घटना के तुरंत बाद उन्हें मोहाली के फोर्टिस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई। हादसे में उन्हें सिर और रीढ़ की हड्डी में चोटें आई हैं, और वेंटिलेटर पर ले जाने से पहले उन्हें दिल का दौरा भी पड़ा।
राजवीर जवंदा कौन हैं?
राजवीर पंजाबी इंडस्ट्री के जाने-माने नाम हैं। लुधियाना में जन्मे राजवीर ने अपनी पहचान ‘काली जवंदे दी’ गाने से बनाई। सिंगिंग के अलावा वे राइटर और एक्टर भी हैं। बचपन से ही गाने का शौक रखने वाले राजवीर को गुरदास मान के गाने सुनकर प्रेरणा मिली। उनके हिट गानों में शामिल हैं काली जवंदे दी, मुकाबला, सरनेम, पटियाला शाही पग, लैंडलॉर्ड आदि..राजवीर न केवल पंजाबी फिल्मों में गाना गाते हैं बल्कि एक्टिंग के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। उनकी फैन फॉलोइंग काफी बड़ी है और वे इंडस्ट्री में एक पहचान रखते हैं।
हॉस्पिटल में राजवीर का हाल
फोर्टिस हॉस्पिटल के डॉक्टर्स ने बताया कि राजवीर फिलहाल वेंटिलेटर पर हैं और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। उनकी हालत को देखते हुए डॉक्टर लगातार निगरानी में हैं। इस खबर के बाद उनके फैंस सोशल मीडिया पर उनके स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना कर रहे हैं और जल्दी ठीक होने की उम्मीद कर रहे हैं।
इंडस्ट्री से सहानुभूति
राजवीर के एक्सीडेंट की खबर सुनते ही कई पंजाबी सिंगर्स हॉस्पिटल पहुंचे। इनमें जस बाजवा, गिप्पी ग्रेवाल, कंवर ग्रेवाल और कुलविंदर बिल्ला शामिल हैं। सिंगर्स ने राजवीर का हालचाल जाना और उनके जल्दी स्वस्थ होने की कामना की।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जताया दुख पंजाब के मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर राजवीर के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उनके साथ-साथ पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस और अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने भी इस घटना पर दुःख जताया और सिंगर के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
राजवीर जवंदा की एक्सीडेंट की खबर पंजाबी इंडस्ट्री और उनके फैंस के लिए काफी शॉकिंग है। वेंटिलेटर पर उनकी जिंदगी और मौत की जंग जारी है, और पूरी इंडस्ट्री उनके जल्दी स्वस्थ होने की उम्मीद में प्रार्थना कर रही है।