शूटिंग के दौरान हादसे में गई राहुल मशहूर अभिनेता की जान,पोस्टमार्टम से खुलेगा राज

punjabkesari.in Monday, Mar 30, 2026 - 03:55 PM (IST)

नारी डेस्क:  बंगाली फिल्म और टीवी इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता Rahul Arunoday Banerjee के अचानक निधन ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। 43 साल के राहुल की मौत रविवार को ओडिशा के तलसारी बीच पर एक सीरीज की शूटिंग के दौरान हुई। इस घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की असली वजह सामने आएगी।

कैसे हुआ हादसा?

राहुल बनर्जी अपनी सीरीज ‘भोले बाबा पार करेगा’ की शूटिंग कर रहे थे। डायरेक्टर के मुताबिक, शूटिंग लगभग खत्म हो चुकी थी, लेकिन राहुल एक अनस्क्रिप्टेड ड्रोन शॉट लेने पर अड़े हुए थे। वह अपनी को-स्टार के साथ पानी में एक सीन शूट कर रहे थे। पहला शॉट ठीक रहा, लेकिन इसके बाद राहुल ने एक और टेक लेने की जिद की। इसी दौरान वह धीरे-धीरे गहरे पानी में चले गए। टीम लगातार उन्हें बाहर आने के लिए कहती रही, लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया। तभी एक तेज लहर आई, उनका संतुलन बिगड़ा और वह पानी में गिर गए।

PunjabKesari

बचाने की कोशिश, लेकिन नहीं बच पाई जान

हादसे के बाद टीम और लाइफगार्ड्स तुरंत पानी में कूदे और राहुल को बाहर निकाला। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। रास्ते में उन्होंने दो बार हल्का रिस्पॉन्स भी दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, जब उन्हें अस्पताल लाया गया तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। शुरुआती अंदेशा है कि उन्हें पानी में हार्ट अटैक भी आ सकता है, लेकिन असली कारण पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट होगा।

ये भी पढ़ें:  सबा आजाद को हुआ गंभीर इन्फेक्शन, 14 दिनों से बीमार- जानिए क्या है यह बीमारी और इसके लक्षण

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने इस मामले में अप्राकृतिक मौत (Unnatural Death) का केस दर्ज किया है। जांच के दौरान शूटिंग यूनिट के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है।

PunjabKesari

साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि

क्या शूटिंग के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था? क्या समुद्र में शूटिंग के लिए जरूरी सावधानियां बरती गई थीं? राहुल का पोस्टमार्टम कोंटाई सब-डिवीजनल अस्पताल में किया जाएगा, जिसके बाद मौत की असली वजह सामने आएगी।

राहुल बनर्जी का करियर

राहुल अरुणोदय बनर्जी ने साल 2009 में फिल्म ‘चिरोदिनी तुमी जे आमार’ से अपने करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म के बाद उन्होंने अपनी को-स्टार प्रियंका सरकार से शादी की। उन्होंने अपनी बेहतरीन एक्टिंग के दम पर बंगाली फिल्मों और टीवी इंडस्ट्री में खास पहचान बनाई। इसके अलावा वह डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी सक्रिय थे और ‘सहज कथा’ नाम से एक पॉपुलर पॉडकास्ट चैनल चलाते थे, जिसका नाम उन्होंने अपने बेटे के नाम पर रखा था।

राहुल बनर्जी का इस तरह अचानक चले जाना उनके परिवार, दोस्तों और फैंस के लिए बहुत बड़ा झटका है। इस घटना ने शूटिंग के दौरान सुरक्षा को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी को पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के नतीजों का इंतजार है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static