प्रेमानंद जी से मिलने पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, महाराज जी ने ''राधे-राधे'' कहकर किया अभिवादन

punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2026 - 02:41 PM (IST)

नारी डेस्क: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तर प्रदेश के अपने दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार सुबह संत प्रेमानंद से मुलाकात कर उनसे आध्यात्मिक चर्चा की।  राष्ट्रपति 19 मार्च से उत्तर प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। बृहस्पतिवार को अयोध्या में दर्शन-पूजन के बाद वह मथुरा पहुंचीं, जहां उन्होंने शुक्रवार सुबह आध्यात्मिक कार्यक्रमों से दिन की शुरुआत की मुर्मू वृंदावन में राधा केली कुंज स्थित संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचीं, जहां उन्होंने संत के प्रवचन सुने।

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by Bhajan Marg Official (@bhajanmarg_official)


 यह सप्ताह इसलिए भी विशेष है क्योंकि वीरवार को संत प्रेमानंद जी महाराज का जन्मदिन था। आश्रम में राष्ट्रपति ने प्रेमानंद जी महाराज से आध्यात्मिक चर्चा की और उन्हें हाथ जोड़कर प्रणाम किया। संत प्रेमानंद ने प्रसन्न मुद्रा में 'राधे-राधे' कहकर उनका अभिवादन स्वीकार किया। इस मौके पर आश्रम के सेवादारों ने माला पहनाकर और चुनरी ओढ़ाकर राष्ट्रपति का स्वागत किया। मुर्मू ने संत प्रेमानंद महाराज को जन्मदिन की बधाई भी दी। राष्ट्रपति ने वृंदावन स्थित बाबा नीम करोली आश्रम में पूजा-अर्चना की। उन्होंने आश्रम परिसर के अंदर भगवान हनुमान मंदिर में दर्शन किये। उन्होंने अनुष्ठानिक पूजा की और देवता को सवा मन (50 किलोग्राम) लड्डू प्रसाद चढ़ाया।


 नीम करोली बाबा आश्रम वृन्दावन के अध्यक्ष राधा कृष्ण पाठक ने बताया कि पूजा के दौरान 20 भक्तों ने सुंदर कांड पाठ किया। पाठक ने बताया कि मुर्मू बाबा नीम करोली जी महाराज की समाधि पर पूजा-अर्चना की और आरती की। उन्होंने कुटिया (कमरा) में एकांत में ध्यान लगाया, जहां बाबा नीम करोली जी महाराज रहते थे और ध्यान करते थे। आश्रम छोड़ने से पहले उन्होंने बाबा नीम करोली जी महाराज के जीवन पर एक प्रदर्शनी देखी। शनिवार यानी 21 मार्च को राष्ट्रपति मुर्मू का गोवर्धन स्थित दानघाटी मंदिर में दर्शन और आरती करने का कार्यक्रम हैं। इसके बाद वह गोवर्धन परिक्रमा भी करेंगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vasudha

Related News

static