दिवंगत Dharmendra को मिला लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड, बेटे की आंखों से छलके आंसू

punjabkesari.in Monday, Apr 06, 2026 - 01:31 PM (IST)

नारी डेस्क : बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता Dharmendra आज भले ही इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी छाप और यादें हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेंगी। अपने शानदार अभिनय और सादगी भरे व्यक्तित्व से उन्होंने दर्शकों का खूब प्यार हासिल किया। यही वजह है कि दुनिया छोड़ने के बाद भी उन्हें सम्मानित किया जा रहा है। मुंबई में आयोजित चेतक स्क्रीन अवॉर्ड्स 2026 में Dharmendra को मरणोपरांत लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से नवाजा गया। यह सम्मान उनके बेटे Bobby Deol ने मंच पर जाकर ग्रहण किया। इस दौरान बॉबी देओल काफी भावुक नजर आए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।

पिता की याद में भावुक हुए बॉबी

अवॉर्ड लेते समय Bobby Deol ने कहा कि उन्हें लोगों की आंखों में अपने पिता के लिए अपार प्यार दिखाई देता है। उन्होंने बताया कि उनके पिता हमेशा लोगों को खुश देखना चाहते थे और मानते थे कि हर व्यक्ति के अंदर एक खास प्रतिभा होती है, जिसे पहचानकर आगे बढ़ना चाहिए।

PunjabKesari

मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं इस तरह यहां आऊंगा

भावुक होते हुए बॉबी ने कहा कि उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी कि उन्हें इस तरह अपने पिता का सम्मान लेने के लिए मंच पर आना पड़ेगा। उन्होंने कहा, आज ऐसा महसूस हो रहा है कि घर जाकर पापा से कहूं आप नहीं आ सके, इसलिए मैं आपका अवॉर्ड लेकर आया हूं। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें जहां भी जाते हैं, लोगों का जो प्यार मिलता है, वह उनके पिता की मेहनत और विरासत का ही नतीजा है।

PunjabKesari

खास अंदाज में किया गया सम्मान

समारोह के दौरान Dharmendra के फिल्मी करियर के यादगार पलों का एक भावुक वीडियो भी दिखाया गया। इस वीडियो ने वहां मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया और तालियों की गूंज से हॉल भर गया। बता दें कि Dharmendra का 24 नवंबर को मुंबई में निधन हो गया था। 89 वर्ष की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। भारतीय सिनेमा में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा। यह पल न सिर्फ Bobby Deol के लिए भावुक था, बल्कि हर उस शख्स के लिए खास बन गया, जो Dharmendra के काम और व्यक्तित्व को पसंद करता है। यह सम्मान उनकी विरासत और योगदान को सच्ची श्रद्धांजलि है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Monika

Related News

static