ड्यूटी जा रही महिला पर पिटबुल ने किया अटैक, नोंच खाया सिर, चेहरा और कमर
punjabkesari.in Friday, Aug 12, 2022 - 02:52 PM (IST)
पिटबुल जैसे लड़ाकू नस्ल के कुत्ते का शौक काफी भारी पड़ता जा रहा है। लोगों ने लखनऊ में हुई दर्दनाक घटना से भी कोई सबक नहीं लिया है, तभी तो एक और महिला पिटबुल का शिकार हो गई। काम के लिए घर से निकली महिला को क्यों मालूम था कि कुत्ता उस पर इस कदर हमला कर देगा।

हरियाणा के गुरुग्राम यह दर्दनाक घटना सामने आई है। खबरों की मानें तो वह महिला सुबह सात बजे अपनी जेठानी के साथ ड्यूटी पर जा रही थी। तभी एक मकान के मालिक ने पिटबुल की चेन खोल दी और वह महिला पर झपट पड़ा। उसने महिला के पूरी शरीर को जगह-जगह से काट लिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग उसे बचाने दौड़े।

महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पिटबुल ने महिला के सिर, कमर और चेहरे को बुरी तरह से नोच दिया था, जिससे काफी खून बह गया है। पीड़ित महिला की जेठानी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि- पिटबुल कुत्ते की मालकिन व मालिक ने पिटबुल की जंजीर खोलकर उनकी तरफ अटैक का इशारा किया, जिसके बाद उसने महिला को काटना शुरू कर दिया।

आरोप है कि ये कुत्ता पहले भी कई लोगों पर अटैक कर चुका है, इसके बावजूद उसे खुला छोड़ा गया है।पुलिस के मुताबिक पिटबुल डॉग की मालकिन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इससे पहले लखनऊ में भी ऐसा मामला देखने को मिला था, जिस महिला के हाथ से कुत्ता रोज खाना खाता था उसी को ही उसने अपना शिकार बना लिया था। 80 साल की महिला को उन्ही के पालतू पिटबुल ने नोच खाया था। इस पूरे मामले पर कुत्ते की मालकिन के पिता जोगिंद सिंह का कहना है कि दरवाजा खुला रह जाने की वजह से कुत्ता बाहर आ गया। उन्होंने कहा- लखनऊ वाली घटना सुनने के बाद हम उसे छोड़ने ही वाले थे, लेकिन उसके पहले ये हादसा हो गया।

